सतेंद्र सोनी
अभिनेता सतेंद्र सोनी, जो Mirzapur, Laapataa Ladies सहित कई प्रोजेक्ट्स में नज़र आ चुके हैं, ने आगामी फिल्म Ped Palki के निर्माताओं पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक भावुक वीडियो में सतेंद्र सोनी रो पड़े और दावा किया कि उन्हें उनकी पूरी मेहनताना राशि नहीं दी गई तथा बकाया मांगने पर कथित तौर पर उन्हें धमकाया गया।
सतेंद्र सोनी ने बताया कि वह मध्य प्रदेश में Ped Palki की शूटिंग के लिए गए थे, जिसका निर्देशन और निर्माण पुष्पेंद्र सिंह ने किया है, जो इससे पहले अजमेर-92 का निर्देशन कर चुके हैं। सतेन्द्र सोनी का आरोप है कि शूटिंग शुरू होने से पहले उन्हें केवल 50,000 रुपये एडवांस दिए गए थे और बाकी भुगतान शूटिंग के दौरान करने का वादा किया गया था। लेकिन जब उन्होंने अपना अधिकांश शूट पूरा करने के बाद बकाया राशि मांगी, तो उनका दावा है कि अचानक उनका शूट खत्म कर दिया गया और उन्हें 10 मिनट के भीतर होटल खाली करने के लिए कहा गया।
सतेंद्र सोनी ने कमेंट सेक्शन में आरोप लगाया कि निर्देशक और उनकी पत्नी ने उनके साथ मारपीट की और जबरन कार में धक्का देकर बैठाया, जिससे उन्हें ऐसा महसूस हुआ जैसे उनका अपहरण किया जा रहा हो।
सतेंद्र सोनी ने कहा- हम तीनों (श्रीधर दुबे और पंकज शर्मा) पैदल जा रहे थे, तभी पुष्पेंद्र सिंह और उनकी पत्नी प्रगति चौहान ने कार से हमारा पीछा किया। मुझे देखते ही दोनों ने बीच सड़क पर मेरे साथ मारपीट शुरू कर दी। मुझे बचाने के लिए जब श्रीधर दुबे भैया आगे आए, तो पुष्पेंद्र सिंह ने उनके साथ भी मारपीट की। इसके बाद मौका देखकर प्रगति चौहान ने मुझे घसीटते हुए कार की पिछली सीट पर बिठा दिया और मेरा मोबाइल छीनने की कोशिश की। मुझे लगा जैसे मेरी किडनैपिंग की जा रही हो।
सतेंद्र सोनी ने आगे कहा- श्रीधर भैया को भी जबरदस्ती गाड़ी में बैठा दिया। इस दौरान उनकी शर्ट तक फट गई थी। कार में बैठाने के बाद दोनों हमें मां-बहन की गालियां देते रहे और धमकाते हुए कहते रहे, ‘यह हमारा इलाका है।
सतेंद्र सोनी की अपील- मैं सभी को चेतावनी देना चाहता हूं कि मेरी राय में यह पति-पत्नी की जोड़ी धोखेबाज़ है। मैं लोगों से अपील करता हूं कि इनके साथ काम न करें।
