पत्नी चाय में मिलाती थी ‘ज़हर’, CA पति ने किचन में लगाया CCTV, फिर हुआ भयानक खुलासा

 

उत्तर प्रदेश के कानपुर के एक चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) ने अपनी पत्नी पर आरोप लगाया है कि वह चाय में रासायनिक पदार्थ मिलाकर धीरे-धीरे उन्हें ज़हर दे रही थी। पत्नी पर शक होने के बाद उन्होंने घर में गुप्त कैमरे लगवाए। उनका दावा है कि कैमरों की रिकॉर्डिंग में पत्नी चाय में एक छोटी शीशी से कोई पदार्थ मिलाती हुई दिखाई दी। इसी रिकॉर्डिंग के आधार पर उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

रावतपुर निवासी और महाराष्ट्र के पुणे में कार्यरत हिमांशु गुप्ता पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं। उनकी पत्नी ज्योति गुप्ता एक सरकारी अस्पताल में लैब टेक्नीशियन हैं। दोनों की शादी को दो साल हो चुके हैं। हिमांशु गुप्ता का आरोप है कि शादी के बाद पत्नी के व्यवहार में बदलाव आ गया और वह अक्सर घर में झगड़ा करने लगी, जिससे उन्हें उस पर शक होने लगा।

इसी दौरान हिमांशु गुप्ता के पिता की तबियत बिगड़ गई। इसके बाद उनकी मां और फिर स्वयं हिमांशु गुप्ता भी बीमार पड़ गए। तीनों में बीमारी के लक्षण एक जैसे थे, जिससे उनका संदेह और गहरा हो गया। इसके बाद उन्होंने घर के रसोईघर में दो गुप्त कैमरे लगवाए ताकि यह पता लगाया जा सके कि खाने-पीने की चीज़ों में कुछ मिलाया तो नहीं जा रहा।

हिमांशु गुप्ता का दावा है कि रिकॉर्डिंग देखने पर उनकी पत्नी ज्योति गुप्ता चाय बनाते समय एक छोटी शीशी से कोई पदार्थ उसमें मिलाती हुई दिखाई दी। जब उन्होंने इस बारे में ज्योति गुप्ता से सवाल किया तो जवाब देने के बजाय उसने विवाद शुरू कर दिया। हिमांशु गुप्ता के अनुसार, उनकी मां ने भी एक दिन ज्योति गुप्ता को चाय में कुछ मिलाते हुए देखा था। इसके बाद उन्होंने अपनी, अपने माता-पिता की पैथोलॉजी जांच कराई।

हिमांशु गुप्ता का कहना है कि तीनों की जांच रिपोर्ट में समान प्रकार के लक्षण सामने आए। उन्होंने इस बारे में अपने साले से शिकायत की। उनका आरोप है कि साले ने उनसे 70 लाख रुपये लेकर रिश्ता खत्म करने का प्रस्ताव दिया और पैसे न देने पर झूठा मुकदमा दर्ज कराने की धमकी भी दी।

हिमांशु गुप्ता ने यह भी आरोप लगाया कि उनकी पत्नी ज्योति गुप्ता टीवी पर अपराध से जुड़े कार्यक्रम देखकर उसी तरह की साजिशें रचने की बातें करती है। उन्होंने इस पूरे मामले की शिकायत पुलिस आयुक्त से की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पत्नी ज्योति गुप्ता चाय में रासायनिक पदार्थ मिलाकर उन्हें पिलाती थी। हिमांशु गुप्ता ने गुप्त कैमरों की रिकॉर्डिंग भी पुलिस को सौंप दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Comment