MPSC टॉपर श्रीनिवास लखमावाड 45 लाख रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार, 40 लाख रुपये थे नकली नोट

श्रीनिवास लिंगन्ना लखमावाड

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बीड के सामाजिक वनीकरण विभाग के अधिकारी श्रीनिवास लखमावाड को 45 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई उस समय हुई जब जिले की पालकमंत्री तथा उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार बीड दौरे पर थीं। इस साहसिक कार्रवाई से पूरे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। पालकमंत्री सुनेत्रा पवार की बैठक समाप्त होने के बाद, जब श्रीनिवास लखमावाड अपने घर पर रिश्वत की रकम स्वीकार कर रहे थे, तभी ACB ने उन्हें दबोच लिया।

उल्लेखनीय है कि श्रीनिवास लखमावाड वर्ष 2016 की महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (MPSC) की परीक्षा में अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग से पूरे राज्य में प्रथम स्थान पर रहे थे।

आरोप है कि श्रीनिवास लखमावाड ने वृक्षारोपण से जुड़े बिलों को मंजूरी देने, कर्मचारियों का बकाया वेतन जारी करने और निलंबन की कार्रवाई वापस लेने के एवज में 45 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी।

इस संबंध में एक शिकायतकर्ता ने 29 जुलाई को छत्रपति संभाजीनगर ACB कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत की जांच के बाद ACB की टीम ने बीड में जाल बिछाया। कार्रवाई के दौरान श्रीनिवास लखमावाड को 5 लाख रुपये असली और शेष 40 लाख रुपये मनोरंजन के उद्देश्य से तैयार की गई नकली (डमी) नोटों के साथ रिश्वत स्वीकार करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।

छत्रपति संभाजीनगर ACB की टीम ने यह कार्रवाई की। कार्रवाई के बाद ACB की अधीक्षक माधुरी कांगणे स्वयं बीड पहुंचीं। मामले में स्थानीय पुलिस थाने में FIR दर्ज की गयी है।

श्रीनिवास लिंगन्ना लखमावाड मूल रूप से नांदेड़ जिले के धर्माबाद तहसील के रत्नाली गांव के निवासी हैं। महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (MPSC) द्वारा आयोजित महाराष्ट्र वन सेवा परीक्षा 2016 में उन्होंने अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग से पूरे राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त किया था और इसके बाद सरकारी सेवा में नियुक्त हुए थे।

दसवीं तक की पढ़ाई नांदेड़ में करने के बाद उन्होंने बी.टेक. की डिग्री हासिल की और इंजीनियर बने। MPSC में चयन के बाद उन्होंने कहा था कि यदि व्यक्ति को स्वयं पर विश्वास हो, लगातार प्रयास करता रहे और मेहनत करने के लिए तैयार रहे, तो वह किसी भी कठिनाई पर विजय पा सकता है। विडंबना यह है कि आज वही अधिकारी 45 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किए गए हैं।

Leave a Comment