मुंबई में दो दिनों में आग लगने की 89 घटनाएं, 28 घटनाएं पटाखों के कारण

 

दीपावली के जश्न के बीच मुंबई में दो दिनों के भीतर आग लगने की 89 घटनाएं दर्ज की गईं, जिनमें से 28 घटनाएं पटाखों के कारण हुईं। इस दौरान अंधेरी पश्चिम में एक दर्दनाक हादसा भी हुआ, जहां एक ऊंची इमारत की 17वीं मंजिल पर लगी आग के दौरान लिफ्ट में फंसने से 56 वर्षीय सिक्योरिटी गार्ड की दम घुटने से मौत हो गई। आशंका जताई जा रही है कि फ्लैट के मंदिर में जलाए गए दीये से आग लगी थी।

मुंबई फायर ब्रिगेड (MFB) को शनिवार रात करीब 9.50 बजे अंधेरी पश्चिम में इनफिनिटी मॉल के पास स्थित रुनवाल एलिगेंट नामक हाईराइज इमारत के फ्लैट नंबर 1701 में आग लगने की सूचना मिली। इस इमारत में चार बेसमेंट, एक ग्राउंड फ्लोर, पांच पोडियम फ्लोर और उसके ऊपर 27 मंजिलें हैं। शुरुआत में आग ने फ्लैट के भीतर बिजली की वायरिंग, इलेक्ट्रिकल इंस्टॉलेशन और घरेलू सामान को अपनी चपेट में लिया।

घटना के वक्त परिवार के लोग डिनर के लिए बाहर गए हुए थे। घर में मौजूद बुजुर्ग माता-पिता को घरेलू सहायकों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। शुरुआती जांच में आशंका है कि फ्लैट के मंदिर में जल रहे दीये से आग लगी होगी।

इस आग ने 56 वर्षीय सिक्योरिटी गार्ड धनपत महातु की जान ले ली। वह इमारत की 17वीं मंजिल पर स्थित एक लिफ्ट के अंदर बेहोशी की हालत में मिले। बताया जा रहा है कि इमारत में धुआं फैलने के दौरान सीढ़ियों का इस्तेमाल करने के बजाय वह लिफ्ट में चले गए थे। इसी बीच लिफ्ट ने काम करना बंद कर दिया और वह उसके अंदर ही फंस गए। दम घुटने के कारण उनकी मौत हो गई। अधिकारी ने बताया कि उन्हें कूपर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

मुंबई में पिछले दो दिनों के दौरान दर्ज की गई आग की 89 घटनाओं में से 28 की वजह पटाखे बताए गए हैं। इन घटनाओं में चार लोगों के घायल होने की भी खबर है।

एक अन्य घटना रविवार सुबह दादर पश्चिम स्थित डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर नगर के कामगार स्टेडियम में हुई, जहां लकड़ी और बांस के सामान में आग लग गई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने महज 15 मिनट में आग पर काबू पा लिया। अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ।

Leave a Comment