राबिया अहसान
पाकिस्तान के रावलपिंडी में एक महिला टीवी एंकर की उनके ही घर में गोली मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान राबिया अहसान के रूप में हुई है। उनका शव गुलशनाबाद इलाके स्थित आवास से बरामद किया गया। पुलिस ने संदेह के आधार पर उनके पति को हिरासत में लिया है। घटनास्थल से वारदात में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद हुआ है। पुलिस इस मामले को हत्या मानकर जांच कर रही है।
राबिया अहसान एक स्थानीय निजी टेलीविजन चैनल में एंकर और प्रोग्राम होस्ट के तौर पर काम करती थीं। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों के साथ फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम उनके घर पहुंची। जांच टीम ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया और वहां से जरूरी साक्ष्य जुटाए। रावलपिंडी के सिटी पुलिस ऑफिसर हसन मुश्ताक सुखेरा ने भी राबिया के पति को हिरासत में लिए जाने की पुष्टि की है।
पुलिस जांच में एक अहम जानकारी सामने आई है। पुलिस अधिकारी सुखेरा के मुताबिक, राबिया के घर में काम करने वाले एक पुरुष कर्मचारी ने जांचकर्ताओं को बताया कि उनके पति ने गोली चलने की घटना को हादसा करार दिया था। हालांकि, पुलिस इस दावे की सत्यता की पड़ताल कर रही है। पंजाब फॉरेंसिक साइंस एजेंसी की टीम भी घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने में लगी है। दूसरी ओर, राबिया के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।
हैरानी की बात यह है कि राबिया ने मौत से महज कुछ घंटे पहले ही सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया था। इस वीडियो में वह साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी से जुड़े मामलों पर बात करती नजर आई थीं। उन्होंने डिजिटल मीडिया के जरिए लोगों को जागरूक करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया था। राबिया अपने पत्रकारिता करियर में हम न्यूज और जीटीवी जैसे चैनलों के साथ काम कर चुकी थीं। इसके अलावा वह 92 न्यूज चैनल पर भी कार्यक्रम होस्ट कर चुकी थीं।
पाकिस्तान की प्रथम महिला आसिफा भुट्टो-जरदारी ने राबिया अहसान की हत्या पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए घटना की कड़ी निंदा की है।
राष्ट्रपति सचिवालय की ओर से जारी बयान में आसिफा ने रावलपिंडी में पेशेवर महिलाओं की हत्या की लगातार सामने आ रही घटनाओं पर भी गंभीर चिंता जताई। उन्होंने इसी साल अगस्त में डिजिटल मीडिया से जुड़ी 45 वर्षीय हिना जावेद की हत्या का भी उल्लेख किया। हिना का शव भी रावलपिंडी स्थित उनके घर से मिला था। उनके शरीर पर प्रताड़ना के निशान पाए गए थे।
