महाराष्ट्र के कराड में इंडियन बैंक के एक अधिकारी द्वारा अपने फ्लैट में आत्महत्या किए जाने की चौंकाने वाली घटना सामने आई है। मृतक अधिकारी की पहचान रविकिरण केशव लाडे के रूप में हुई है। वह कराड शाखा में कार्यरत थे। आरोप है कि बैंक के पुणे उपक्षेत्रीय और क्षेत्रीय अधिकारियों द्वारा अपमानजनक व्यवहार और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर रविकिरण ने आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले उन्होंने एक चिट्ठी भी लिखी थी, जिसमें वरिष्ठ अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
रविकिरण लाडे मूल रूप से लातूर जिले के मुरुड के रहने वाले थे। इस मामले में उनके भाई ने कराड शहर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर दो महिला अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इनमें उपक्षेत्रीय अधिकारी मैथिली शरण सावला और क्षेत्रीय अधिकारी अर्चना सहदेव शामिल हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक, रविकिरण लाडे कराड स्थित इंडियन बैंक की शाखा में अधिकारी थे। आरोप है कि बैंक के पुणे उपक्षेत्रीय और क्षेत्रीय अधिकारियों की ओर से उन्हें लगातार अपमानजनक व्यवहार और मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा था। बताया जा रहा है कि यह प्रताड़ना बर्दाश्त से बाहर होने के बाद उन्होंने अपने आवासीय फ्लैट में आत्महत्या कर ली। इस मामले में उनके भाई अक्षय केशव लाडे (32) ने शिकायत दर्ज कराते हुए कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
शिकायत के अनुसार, मृतक रविकिरण लाडे को उपक्षेत्रीय अधिकारी मैथिली शरण सावला और क्षेत्रीय अधिकारी अर्चना सहदेव छुट्टी तक नहीं देती थीं। इसके अलावा, कार्यालय की बैठकों में सहकर्मियों के सामने उन्हें अपमानित किया जाता था। बैंक के निर्धारित टारगेट पूरे करने के बावजूद उन्हें लगातार ताने दिए जाते थे और बेवजह मानसिक रूप से परेशान किया जाता था।
शिकायत में दावा किया गया है कि इसी मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर रविकिरण लाडे ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया।
