कल्याण (पश्चिम) में सुधांशु चैम्बर बिल्डिंग की बेसमेंट में डांस बार चलता है। शिकायत पर एक बार कल्याण-डोम्बिवली महानगर पालिका (केडीएमसी) ने तोड़ दिया था लेकिन अगले सप्ताह से फिर वहां चल छैंया-छैंया-छैंया-छैंया शुरू हो गया। मतलब डांस बार फिर से बेधड़क स्टार्ट हो गया।
स्टेशन रोड, कल्याण (पश्चिम) में सुधांशु चैम्बर बिल्डिंग के बेसमेंट में होटल अमर पैलेस बार एन्ड रेस्टोरेंट नाम से डांस बार वर्षों से चल रहा है। किसी महिला की शिकायत पर केडीएमसी के तोडू दस्ते ने उसे 28 जून 2024 को तोड़ दिया। आश्चर्य कि एक सप्ताह बाद ही उक्त डांस बार फिर से शुरू हो गया।
डांस बार की कुछ खासियतें होती हैं। जैसे कि यह सुबह 6 बजे तक चलता है। बार बालाएं फ़िल्मी गानों पर अश्लील हावभाव के साथ डांस करती हैं। कस्टमर्स उनकी इसी अदा पर रुपये उड़ाते हैं। और स्थानीय पुलिस हफ्ता लेती है। यहां स्थानीय पुलिस का मतलब महात्मा फुले चौक पुलिस स्टेशन है। नगरसेवक, महापालिका अधिकारी, पुलिस अधिकारी, क्रिमिनल्स तथा चिरकुट पत्रकार दिन भर की मगज़मारी से परेशान होकर अपना मूड फ्रेश करने यहाँ आते हैं।
सुधांशु चैम्बर सोसायटी कमेटी के कुछ सदस्य भी यहां मजा लेने आते हैं। प्रथम बिल्डिंग के बेसमेंट में डांस बार चलाने की परमीशन ही नहीं देनी चाहिए थी। बेसमेंट में खिड़की नहीं है। आने-जाने का एक ही रास्ता है। वो भी संकरा है। कमेटी सदस्यों ने इसी शर्त पर मूक इजाजत दी है कि उन्हें बीयर की एक बोतल और डांस देखने की परमीशन फ्री में मिली है। तोड़े जाने के बाद डांस बार मालिक ने जब से फिर से उसका निर्माण किया तो किसी भी प्रकार की परमीशन नहीं ली। जैसे पुलिस, राज्य उत्पादन विभाग, अग्निशमन विभाग, नगर रचना विभाग और अन्न व औषधि प्रशासन विभाग आदि।
अमर पैलेस डांस बार का मालिक कोई सुनील सरोदे है और केडीएमसी के वार्ड का अधिकारी कोई तुषार सोनावणे है। महापालिका आयुक्त डॉ. इंदुरानी जाखड़ हैं और महात्मा फुले चौक पुलिस स्टेशन का वरिष्ठ निरीक्षक कोई ज्ञानेश्वर साबले है।
समाजसेवक जयदीप हेगड़े ने दो दिन पूर्व महापालिका प्रशासन, पुलिस प्रशासन, जिलाधिकारी, राज्य उत्पादन विभाग और अन्न व औषधि प्रशासन को लिखित में शिकायत की है कि बेसमेंट में चल रहे डांस बार पर परमानेंट कार्रवाई करें अन्यथा वे भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) अथवा बॉम्बे हाईकोर्ट की शरण में जाएंगे।
