हिस्ट्रीशीटर को CDR, SDR और Location बेचने के आरोप में ठाणे पुलिस के दो कांस्टेबल गिरफ्तार

 

ठाणे पुलिस की क्राइम ब्रांच की इकाई-1 ने अपने ही दो कॉन्स्टेबलों को गिरफ्तार किया है। इन पर विभाग से उपयोगकर्ताओं के संवेदनशील फोन कॉल रिकार्ड्स (सीडीआर), सब्सक्राइबर डिटेल रिकॉर्ड (एसडीआर) और लोकेशन हासिल कर एक हिस्ट्रीशीटर को बेचने का आरोप है।

दोनों आरोपियों की पहचान आकाश सोपान सुर्वे (36) और हर्षद लक्ष्मण परब (31) के रूप में हुई है। दोनों साइबर पुलिस स्टेशन में कार्यरत थे। ठाणे पुलिस आयुक्तालय द्वारा जारी एक विज्ञप्ति में कहा बताया गया है कि एक खुफिया रिपोर्ट ने साइबर पुलिस स्टेशन से जुड़े दो कांस्टेबलों, आकाश सोपान सुर्वे और हर्षद लक्ष्मण परब की अवैध गतिविधियों को प्रकाश में लाया।

दोनों अवैध रूप से मोबाइल फोन उपयोगकर्ताओं के संवेदनशील सीडीआर, सब्सक्राइबर डिटेल रिकॉर्ड (एसडीआर) और लोकेशन डेटा प्राप्त करते थे और इस जानकारी को एक आदतन अपराधी मोहम्मद सोहेल मोहम्मद शब्बीर राजपूत (28) को बेच देते थे। पुलिस ने डाटा खरीदने वाले मोहम्मद सोहेल मोहम्मद शब्बीर राजपूत राजपूत को भी गिरफ्तार कर लिया है।

FIR के अनुसार दोनों कांस्टेबल साइबर पुलिस स्टेशन के Email-ID से मोबाइल कंपनी को मेल कर CDR, SDR अथवा Location मंगाते थे और उसे बेच लेते थे। एक महीने के CDR के लिए 15,000 रुपये, तीन महीने के लिए 25,000 रुपये और एक टाइम लोकेशन ट्रैकिंग का 1000 रुपये चार्ज करते थे। सोहेल राजपूत इसके लिए यह राशि कॉन्स्टेबल्स के बैंक खाते में ट्रांसफर करता था।

साइबर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक प्रकाश वारके की शिकायत पर 5 मई 2025 को BNS की धारा 303 (2) (चोरी), 314 (संपत्ति का बेईमानी से दुरुपयोग) और 316 (5) (आपराधिक विश्वासघात) के साथ-साथ सूचना प्रौद्योगिकी (IT) अधिनियम की धारा- 46, 66 और 72 के तहत FIR (नंबर-3/2025) दर्ज की गयी है और आगे की जांच यूनिट-1 को सौंप दी गयी है।

महत्वपूर्ण है कि पुलिस आयुक्त आशुतोष डुंबरे ने दोनों कॉन्स्टेबलों को पुलिस सेवा से बर्खाश्त कर दिया है।

Leave a Comment