ABI IMPACT: दादासाहब फाल्के के नाम पर अवॉर्ड का गोरखधंधा करनेवाले अनिल मिश्रा के खिलाफ FIR दर्ज !

अनिल मिश्रा

अकेला

भारतीय फिल्म जगत के पितामह धुंडिराज गोविन्द फाल्के उर्फ़ दादासाहब फाल्के के नाम पर अवॉर्ड का गोरखधंधा करने वाले अनिल मिश्रा और उसके पुत्र अभिषेक मिश्रा के खिलाफ मुंबई की बांद्रा पुलिस ने FIR दर्ज कर लिया है। अकेला ब्यूरो ऑफ़ इन्वेस्टिगेशन (ABI) अनिल मिश्रा के इस गोरखधंधे को परत-दर-परत उजागर कर रहा है। निकट भविष्य में अनिल मिश्रा की पत्नी पार्वती मिश्रा और बेटी श्वेता मिश्रा भी इस मामले में आरोपी बनेंगे और जेल जायेंगे।

बांद्रा पुलिस ने 5 फरवरी 2025 को अनिल मिश्रा और अभिषेक मिश्रा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस-2023) की धारा 318 (4) तथा 319 (2) के तहत FIR (संख्या- 0192/2025) दर्ज की है। भारतीय जनता पार्टी की चित्रपट आघाड़ी यूनिट के प्रदेशाध्यक्ष समीर दीक्षित ने FIR दर्ज कराई है। FIR की कॉपी ABI (abinewz.com) के पास है।

अनिल मिश्रा भूमि पार्क, फेज़-4, के-403, जनकल्याण नगर, मार्वे रोड, मालाड (पश्चिम), मुंबई में रहता है। मूलतः उत्तर प्रदेश के गोरखपुर का रहनेवाला अनिल मिश्रा पहले फिल्म निर्देशक अनिल शर्मा का स्पॉट ब्वॉय हुआ करता था। बाद में इसने दादासाहब फाल्के इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल अवॉर्ड (DPIFF) नाम से संस्था बनाई और फिल्म कलाकारों को अवॉर्ड (पुरस्कार) बेचने लगा। फ्लॉप फिल्म, फ्लॉप एक्टर, फ्लॉप एक्ट्रेस भी अनिल मिश्रा से ‘बेस्ट एक्टर’, ‘बेस्ट एक्ट्रेस’ का अवॉर्ड खरीदने लगे। इस अवॉर्ड की खरीद-फरोख्त से अच्छी कमाई होने लगी तो इसने गवर्नमेंट डिपार्टमेंट को टार्गेट कर लिया। खासकर टूरिज्म डिपार्टमेंट को। सरकारी और अर्द्ध सरकारी संस्थानों से इसने स्पॉन्सरशिप के नाम पर करोड़ों रुपये उगाह लिए।

बड़ी सफाई से झूठ बोलने वाले अनिल मिश्रा की संस्था दादा साहब फाल्के इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल अवार्ड (DPIFF) रजिस्टर्ड नहीं है। शब्दों का हेरफेर कर इसने तीन बार नाम रजिस्ट्रेशन के लिए अर्जी दी परन्तु सरकार ने ऑब्जेक्शन लेते हुए इसकी अर्जी को तीनों बार रिजेक्ट कर दी। इसकी केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड की सदस्यता भी समाप्त हो चुकी है।

आगामी 20 फरवरी 2025 को इसने बांद्रा के फाइव स्टार होटल ताज लैंड्स इंड में अवॉर्ड शो रखा है। आश्चर्य है कि जिस कंपनी- इंटरनेशनल टूरिज़्म फेस्टिवल प्राइवेट लिमिटेड- के नाम से अनिल मिश्रा ने शो की परमीशन ली है, वह बंद हो चुकी है। खुद बंद कर दी है। बांद्रा पुलिस को भी अँधेरे में रखकर इसने अवॉर्ड शो की परमीशन ले ली है। FIR दर्ज करने के बाद अब बांद्रा पुलिस शो के लिए दी हुई परमीशन (अनापत्ति प्रमाणपत्र) को भी रद्द कर सकती है।

ABI अनिल मिश्रा के इस गोरखधंधे को तीन किश्तों में प्रकाशित कर चुका है। शेष अगले अंक में…

Leave a Comment