‘जो सलमान खान के साथ काम करेगा वो मरेगा’, गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की कपिल शर्मा को धमकी, कनाडा के कैप्स कैफ़े पर फिर फायरिंग

 

मुंबई के स्टैंडअप कॉमेडियन कपिल शर्मा के कनाडा स्थित कैप्स कैफ़े पर मशहूर गैंगस्टर लॉरेन्स बिश्नोई ने फायरिंग करवाई है। इसकी जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग के गैंगस्टर हैरी बॉक्सर ने ली है। लॉरेन्स बिश्नोई की तरफ से साफ़ सन्देश है कि सलमान खान के साथ जो भी काम करेगा वो मरेगा। एक महीने के अंतराल में कैप्स कैफ़े पर यह दूसरी बार फायरिंग है।

पुलिस के अनुसार इस बार कम से कम 25 गोलियाँ चलाई गईं। लॉरेन्स बिश्नोई और गुरप्रीत सिंह उर्फ गोल्डी ढिल्लों ने सोशल मीडिया पर इस हमले की ज़िम्मेदारी ली है। हमले का एक कथित वीडियो सामने आया है जिसमें गोलियों की तड़तड़ाहट के बीच एक आवाज़ सुनाई दे रही है: “हमने टारगेट को आवाज़ दी थी, लेकिन उसने घंटी नहीं सुनी। इसलिए हमें कार्रवाई करनी पड़ी। अगर उसने फिर भी घंटी नहीं सुनी, तो अगली कार्रवाई जल्द ही मुंबई में की जाएगी।

हैरी बॉक्सर ने दावा किया है कि यह हमला इसलिए किया गया क्योंकि कपिल शर्मा ने नेटफ्लिक्स शो के उद्घाटन पर सलमान खान को बुलाया था। बता दें कि सलमान खान ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ के सीज़न 3 के पहले एपिसोड में नज़र आए, जिसका प्रीमियर 21 जून को नेटफ्लिक्स पर हुआ था।

ऑडियो में उसने चेतावनी दी है कि अगली बार किसी भी डायरेक्टर, प्रोड्यूसर या कलाकार को पहले से नहीं चेताया जाएगा, बल्कि सीधे छाती पर गोली मारी जाएगी। मुंबई के सभी कलाकारों और प्रोड्यूसरों को चेतावनी देते हुए उसने कहा कि हम मुंबई का माहौल इतना खराब कर देंगे कि तुम सोच भी नहीं पाओगे। अगर सलमान खान के साथ किसी ने भी काम किया, चाहे छोटा-मोटा कलाकार हो या डायरेक्ट हम उसे नहीं छोड़ेंगे, उसे मार देंगे। उसने कहा कि सलमान खान के साथ काम करने वाला कोई भी व्यक्ति अपनी मौत का खुद जिम्मेदार होगा।

साल 1998 में जोधपुर में ‘हम साथ साथ हैं’ की शूटिंग के दौरान सलमान खान पर काले हिरण का शिकार करने का आरोप लगा था। तब से लॉरेन्स बिश्नोई सलमान खान के पीछे पड़ा है।

कनाडा के सरे में कपिल शर्मा के कैफ़े पर गुरुवार को इस महीने दूसरी बार गोलीबारी हुई। पहला हमला 10 जुलाई 2025 को हुआ था। तब हमलावर ने 10 गोलियां चलाई थीं। तब आतंकवादी समूह बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) के सदस्य हरजीत सिंह लाडी ने हमले की ज़िम्मेदारी ली थी। उसने कहा था कि कपिल शर्मा के शो एक प्रतिभागी ने निहंग सिखों के पारंपरिक पहनावे और आचरण पर कुछ “हास्यास्पद” टिप्पणियाँ कीं, जिससे समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुँची। BKI को कनाडा सरकार द्वारा एक आतंकवादी संगठन के रूप में मान्यता प्राप्त है। लाडी राष्ट्रीय जाँच एजेंसी की मोस्ट वांटेड सूची में भी है।

14 अप्रैल 2024 को सलमान खान के बांद्रा स्थित घर पर दो बाइक सवारों ने चार राउंड गोलियां चलाई थीं। तब से सलमान खान की सुरक्षा बढ़ाकर Y+ कर दी गयी है।

Leave a Comment