ठाणे जिले में 6 नए पुलिस स्टेशन बनेंगें

 

महाराष्ट्र में ठाणे पुलिस के संयुक्त पुलिस आयुक्त (प्रशासन) श्रीकांत पाठक के अनुसार तेजी से हो रहे शहरीकरण और जनसंख्या वृद्धि के कारण ठाणे पुलिस में 6 नए पुलिस स्टेशन और एक नए डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (DCP) ज़ोन की मंजूरी मिल गयी है। 1,200 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की भर्ती का प्रस्ताव रखा गया है। नए पुलिस स्टेशन में काटई, नेवाली, दिवा, मानसरोवर, वंजारपट्टी और दापोड़ा प्रस्तावित हैं।

बता दें कि ठाणे, भिवंडी, कल्याण-डोंबिवली और उल्हासनगर-अंबरनाथ जैसे क्षेत्रों में जनसंख्या में तेज वृद्धि हुई है, जिससे मौजूदा पुलिस व्यवस्था पर दबाव बढ़ गया है। भिवंडी में नए पुलिस स्टेशन नारपोली, शांतिनगर, निजामपुरा और भोईवाड़ा पुलिस स्टेशनों पर दबाव कम करेंगे। इस क्षेत्र का पावरलूम केंद्र से लॉजिस्टिक्स और वेयरहाउसिंग हब में बदलाव होने से पुलिसिंग की चुनौतियां भी बढ़ी हैं।

दिवा, जिसकी आबादी 5 लाख से अधिक है, वहां फिलहाल केवल मुंब्रा पुलिस स्टेशन के अंतर्गत एक छोटी पुलिस चौकी है। निवासियों को FIR दर्ज कराने के लिए 10-14 किमी तक यात्रा करनी पड़ती है। इस रास्ते में 3-4 किमी का एक सुनसान इलाका भी शामिल है, जहां पहले आपराधिक घटनाएं हो चुकी हैं।

इसी तरह काटई पुलिस स्टेशन लोढ़ा पलावा जैसे बड़े रिहायशी क्षेत्रों और आसपास के गांवों को सेवा देगा, जबकि नेवाली पुलिस स्टेशन पूर्वी कल्याण, उल्हासनगर और अंबरनाथ के दूरदराज और वन क्षेत्रों को कवर करेगा।

नेवाली में नया पुलिस स्टेशन हाजी मलंग और नेवाली जैसे इलाकों के ग्रामीणों के लिए काफी लाभदायक होगा, जो अभी 22 किमी से अधिक क्षेत्र में फैले उल्हासनगर के हिल लाइन पुलिस स्टेशन पर निर्भर हैं।

Leave a Comment