मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देखी फिल्म ‘कृष्णावतारम्’, किया टैक्स फ्री

 

उत्तर प्रदेश सरकार ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और सनातन संस्कृति पर आधारित फिल्म ‘कृष्णावतारम्’ को प्रदेश में टैक्स फ्री करने की घोषणा की है। रविवार को लोकभवन में ‘कृष्णावतारम्’ की स्पेशल स्क्रीनिंग रखी गई, जिसमें राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के साथ अन्य कैबिनेट मंत्री मौजूद रहे। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फिल्म की पूरी टीम को बधाई दी और फिल्म की तारीफ की।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फिल्म की टीम से मुलाकात की और कहा कि यह फिल्म भगवान कृष्ण के जीवन और उनके मानवीय दृष्टिकोण को दिखाती है। इसी के साथ ये द्वापर युग और सनातन संस्कृति को भी भव्य पैमाने पर दर्शाती है। उन्होंने सूचना विभाग को प्रत्येक जिले में फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग आयोजित करने के भी निर्देश दिए हैं, ताकि बच्चे और युवा भारतीय संस्कृति और विरासत से जुड़ और समझ सकें। योगी आदित्यनाथ ने फिल्म को टैक्स फ्री करने की भी घोषणा की।

यह फिल्म व्यास द्वारा रचित हिंदू संस्कृत ग्रंथ ‘ब्रह्म वैवर्त पुराण’ पर आधारित है। इसमें उन घटनाओं को दर्शाया गया है जो भगवान कृष्ण के राधा से अलग होने के बाद, तथा उनकी पत्नियों रुक्मिणी और सत्यभामा के साथ उनके जीवन के दौरान घटित हुईं। यह फिल्म कृष्ण के जीवन को सत्यभामा के नजरिए से दिखाती है।

‘कृष्णावतारम्’ फिल्म हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में रिलीज की गई है। फिल्म का निर्देशन हार्दिक गज्जर ने किया है। फिल्म में सिद्धार्थ गुप्ता, संस्कृति, सुष्मिता भट्ट और निवासिनी कृष्णन मुख्य भूमिकाओं में हैं। वहीं जैकी श्रॉफ और आशुतोष राणा जैसे वरिष्ठ कलाकारों ने भी अपने अभिनय से फिल्म को मजबूत बनाया है।

फिल्म में सत्यभामा की भूमिका निभाने वाली अभिनेत्री संस्कृति राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की नातिन हैं।

Leave a Comment