रोटरैक्ट क्लब ऑफ बी. के. बिरला कॉलेज द्वारा “प्रोजेक्ट सफ़ारा – द मोमेंट्स” के अंतर्गत समावेशिता एवं सामाजिक जुड़ाव को बढ़ावा देने हेतु विशेष अभियान आयोजित किया गया। इस परियोजना का उद्देश्य बच्चों के समग्र विकास के साथ समाज में समानता, सहयोग एवं अपनापन की भावना को प्रोत्साहित करना था। कार्यक्रम दो चरणों में संपन्न हुआ।
परियोजना का प्रथम चरण “कैंपोरा” 20 अप्रैल से 22 अप्रैल 2026 तक शाइन एंजेल इंग्लिश स्कूल में आयोजित किया गया। तीन दिवसीय समर कैंप के दौरान विद्यार्थियों के लिए विभिन्न शैक्षणिक एवं मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया। स्वयंसेवकों ने बच्चों के साथ संवाद स्थापित करते हुए डांस प्रतियोगिता, खेल एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियां आयोजित कीं। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को आत्मविश्वास, सहभागिता एवं सामूहिक कार्य का महत्व समझाया गया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों एवं स्वयंसेवकों के बीच उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला।
परियोजना का दूसरा चरण “जेनवार – बियॉन्ड साइलेंस” 23 अप्रैल 2026 को डोंबिवली स्थित रोटरी डेफ स्कूल में आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम थागम फाउंडेशन एवं रोटरी क्लब ऑफ डोंबिवली विनर्स के सहयोग से संपन्न हुआ। इस चरण का उद्देश्य श्रवण बाधित बच्चों के साथ संवाद स्थापित कर उन्हें सहयोग एवं प्रोत्साहन प्रदान करना था।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को स्टेशनरी सामग्री वितरित की गई तथा जरूरतमंद बच्चों को हियरिंग एड भी प्रदान किए गए। सत्र की शुरुआत सांकेतिक भाषा (साइन लैंग्वेज) की मूलभूत जानकारी से की गई, जिससे स्वयंसेवकों को बच्चों के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने में सहायता मिली। इसके बाद “पास द बॉल” एवं पेपर फ्लावर मेकिंग जैसी गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों के लिए अल्पाहार की व्यवस्था भी की गई।
“प्रोजेक्ट सफ़ारा” ने समाज को समावेशिता, संवेदनशीलता एवं मानवीय जुड़ाव का संदेश दिया। इस पहल ने यह दर्शाया कि सकारात्मक प्रयासों एवं बेहतर संवाद के माध्यम से हर वर्ग के लोगों के बीच मजबूत संबंध स्थापित किए जा सकते हैं।
