महिला पुलिस कॉन्स्टेबल से प्रेम संबंध में SRPF जवान ने की आत्महत्या

कौस्तुभ सांगले

महाराष्ट्र के कोल्हापुर स्थित राज्य रिजर्व पुलिस बल (SRPF) की ग्रुप-16 यूनिट के कॉन्स्टेबल कौस्तुभ सांगले द्वारा दक्षिण मुंबई के मलबार हिल स्थित ‘महाराष्ट्र लोक भवन’ में ड्यूटी के दौरान अपनी सर्विस एसएलआर (SLR) राइफल से आत्महत्या किए जाने के मामले का खुलासा हो गया है। कौस्तुभ सांगले ने एक महिला पुलिस कांस्टेबल से प्रेम सम्बन्ध में आत्महत्या की है। पुलिस ने उनके पास से एक सुसाइड नोट भी बरामद किया है।

मिली जानकारी के अनुसार, कौस्तुभ सांगले वर्ष 2024 बैच के SRPF कॉन्स्टेबल थे। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद उनकी मुंबई में नियुक्ति हुई थी। 10 जून को उन्होंने कार्यभार संभाला था और शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक उनकी ड्यूटी लोक भवन के ‘टॉवर-2’ पर थी। SRPF में सुरक्षा ड्यूटी हर तीन घंटे में बदली जाती है। ड्यूटी के दौरान वह एक कमरेनुमा स्थान पर गए और अपनी सर्विस SLR राइफल से खुद को गोली मार ली। 7.62 मिमी की गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। रात करीब 9 बजे जब अगली शिफ्ट के कर्मचारी उन्हें ड्यूटी से मुक्त करने पहुंचे, तो उन्होंने वहां खून के धब्बे देखे और तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी।

बताया जा रहा है कि कौस्तुभ सांगले का मीरा-भाईंदर पुलिस बल में कार्यरत एक महिला पुलिस कॉन्स्टेबल के साथ प्रेम संबंध था। दोनों लंबे समय से संपर्क में थे और शादी को लेकर भी बातचीत हुई थी। हालांकि बाद में महिला कॉन्स्टेबल ने शादी से इन्कार कर दिया। इसके बाद उसके परिवार ने उसकी शादी एक अन्य पुलिस कॉन्स्टेबल से तय कर दी। सूत्रों का कहना है कि इन घटनाओं के बाद कौस्तुभ सांगले गहरे मानसिक तनाव में था।

बताते हैं महिला कॉन्स्टेबल की शादी तय होने के बाद कौस्तुभ सांगले ने उसके साथ अपनी कुछ निजी तस्वीरें उसके होने वाले पति को भेज दी थीं। पुलिस यह जांच कर रही है कि इन तस्वीरों को भेजने के पीछे उसका उद्देश्य क्या था और क्या इस वजह से संबंधित पक्षों के बीच कोई विवाद उत्पन्न हुआ था।

कौस्तुभ सांगले महिला कॉन्स्टेबल को बार-बार फोन कर आत्महत्या करने की धमकी भी दे रहा था। बताया जा रहा है कि महिला कॉन्स्टेबल ने पहले ही भाईंदर पुलिस को इस बात की जानकारी दे दी थी कि कौस्तुभ सांगले ऐसा कदम उठा सकता है।

यह भी पता चला है कि बचपन में ही कौस्तुभ सांगले की मां का निधन हो गया था, जिसके बाद उसके पिता ने दूसरी शादी कर ली थी। उसकी दो बहनें थीं। इनमें से एक ने कुछ वर्ष पहले आत्महत्या कर ली थी, जबकि दूसरी विवाहित है।

Leave a Comment