तेलंगाना के पुलिस उप अधीक्षक (DSP) संकीरेड्डी भीम रेड्डी के ठिकानों पर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की छापेमारी में चौंकाने वाली संपत्ति का खुलासा हुआ है। इसके बाद आय से अधिक संपत्ति रखने के मामले में ACB ने संकीरेड्डी भीम रेड्डी को गिरफ्तार कर लिया। ACB ने उनसे जुड़े कुल 16 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की।
संकीरेड्डी भीम रेड्डी हैदराबाद स्थित पुलिस कंप्यूटर सर्विसेज (PCS) विभाग में पुलिस उपाधीक्षक (DSP) के पद पर कार्यरत थे। उन्हें इब्राहिमबाग इलाके के वेसेला मेडोज (Vessella Meadows) स्थित उनके आवास से शाम करीब 7:40 बजे गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद उन्हें ACB की विशेष अदालत में पेश किए जाएगा।
ACB के अनुसार, संकीरेड्डी भीम रेड्डी ने अपनी सेवा के दौरान भ्रष्टाचार और संदिग्ध तरीकों का सहारा लेकर अपनी ज्ञात आय के स्रोतों से कहीं अधिक अवैध संपत्ति अर्जित की। तेलंगाना और कर्नाटक में उनके आवासों के अलावा उनके रिश्तेदारों, दोस्तों, कथित बेनामीदारों और सहयोगियों से जुड़े 15 अन्य स्थानों पर एक साथ छापेमारी के बाद यह कार्रवाई की गई।
कितनी संपत्ति मिली?
1. इब्राहिमबाग, हैदराबाद के वेसेला मेडोज में एक आलीशान विला।
2. टेलीकॉम नगर में दो मंजिला पेंट हाउस।
3. टेलीकॉम नगर स्थित साई प्रभा रेजिडेंसी में एक फ्लैट।
4. गाचीबौली के क्रांति सिऑन (Kranti Ceon) अपार्टमेंट में एक फ्लैट।
5. मणिकोंडा के लैंको हिल्स रोड पर 500 वर्ग गज क्षेत्र में बने पांच मंजिला व्यावसायिक परिसर में हिस्सेदारी।
6. मणिकोंडा के मरिचेट्टू जंक्शन के पास 3,000 वर्ग फुट का व्यावसायिक परिसर।
7. तेल्लापुर स्थित अभिनंदा रेजिडेंसी में दो आवासीय फ्लैट।
8. प्रगति रिसॉर्ट्स के पास 500 वर्ग गज का एक खाली प्लॉट।
9. संगारेड्डी जिले के जहीराबाद में 3.5 एकड़ कृषि भूमि।
10. कर्नाटक में 6 एकड़ कृषि भूमि।
11. कर्नाटक में ही अतिरिक्त 38 एकड़ कृषि भूमि।
12. बेंगलुरु के देवनहल्ली में 1 एकड़ जमीन।
13. नागोल में कामिनेनी अस्पताल के पास 200 वर्ग गज का प्लॉट।
14. पाटनचेरू में GPR हाउसिंग सोसाइटी के पास 400 वर्ग गज का प्लॉट।
15. पाटनचेरू में 200 वर्ग गज का एक और प्लॉट।
16. विकाराबाद के मोमिनपेट में 1,000 वर्ग गज का भूखंड।
17. मोमिनपेट, विकाराबाद में 2 एकड़ कृषि भूमि।
18. श्री राघवेंद्र रॉक सैंड मिनरल्स में 75 लाख रुपये का निवेश।
19. मुचिंताला गांव के CC कुंटा क्षेत्र में 4.20 एकड़ कृषि भूमि।
छापेमारी के दौरान संकीरेड्डी भीम रेड्डी के घर से करीब 3.60 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। इसके अलावा, एक कथित बेनामी के घर से 40 लाख रुपये नकद मिले। जांच में लगभग 2 किलोग्राम सोने के आभूषण और 20 किलोग्राम चांदी के सामान भी बरामद हुए। साथ ही बैंक खातों में करीब 19.91 लाख रुपये जमा होने का भी पता चला।
ACB अधिकारियों को DSP संकीरेड्डी भीम रेड्डी के घर से हाथ से लिखी हुई एक डायरी भी मिली है। जांच के अनुसार, भीम रेड्डी ने मई महीने में अपनी पत्नी के साथ चारधाम यात्रा पर जाने से पहले यह डायरी लिखी थी। इसमें उनकी संपत्तियों, निवेश, देनदारियों और कथित बेनामीदारों के नाम दर्ज थे।
जांचकर्ताओं ने बताया कि संकीरेड्डी भीम रेड्डी ने यात्रा पर रवाना होने से पहले इस डायरी की स्कैन कॉपी व्हाट्सऐप के जरिए अपने दोनों बेटों को भेजी थी। अधिकारियों के मुताबिक, यह डायरी आय से अधिक संपत्ति के मामले में बेहद महत्वपूर्ण सबूत साबित हुई है, क्योंकि इसकी मदद से कई संपत्तियों और वित्तीय लेन-देन का पता लगाने में सफलता मिली।
