नंदीग्राम एक्सप्रेस बनी ‘सुहागरात एक्सप्रेस’, कपल ने सुहागरात के लिए ट्रेन के फर्स्ट AC केबिन को बनाया ‘हनीमून सुइट’, TTE सस्‍पेंड

 

दक्षिण मध्य रेलवे की लम्बी दूरी की ट्रेन के फर्स्ट क्लास एसी कोच को ‘हनीमून सुइट’ की तरह सजाने के मामले में ट्रेन के Travelling Ticket Examiner (TTE ) को सस्पेंड कर दिया गया है। रेल मंत्रालय ने बुधवार, 8 जुलाई 2026 को TTE के निलंबन को कन्फर्म किया। डेकोरेटर्स पर भी कार्रवाई की जा रही है।

मामला 6 जुलाई को ट्रेन नंबर 11002 DN, नंदीग्राम एक्सप्रेस में सामने आया। ट्रेन महाराष्ट्र में बल्हारशाह से दादर (मुंबई) जा रही थी। ट्रेन में सफर कर रहे एक नवविवाहित जोड़े ने अपनी यात्रा को यादगार और रोमांटिक बनाने के लिए, रेलवे से कोई अनुमति लिए बिना, निजी तौर पर एक ऑनलाइन डेकोरेटर कंपनी को हायर कर लिया।

जब ट्रेन महाराष्ट्र के जालना स्टेशन पर रुकी थी, तब इन प्राइवेट डेकोरेटर्स ने फर्स्ट एसी कोच के अंदर एंट्री की और पूरे केबिन को गुब्बारों, बिजली की झालरों और फूलों से बिल्कुल किसी सुहागरात के कमरे की तरह चमका दिया। केबिन की दीवार पर बाकायदा ‘आई लव यू’ भी लिखा। इस सजे-धजे कोच का वीडियो जैसे ही इंटरनेट पर आया, यह तेजी से वायरल हो गया।

बाहरी डेकोरेटर्स का बिना किसी ऑथराइजेशन या परमिशन के कोच में घुसना सुरक्षा के लिहाज से एक बड़ी चूक है। इसके लिए ड्यूटी पर तैनात TTE को जिम्मेदार मानते हुए सस्पेंड कर दिया गया है। साथ ही, इस पूरे मामले की विभागीय जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं। डेकोरेटर्स पर भी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Comment