महाराष्ट्र TET पेपर लीक का मुख्य आरोपी विजेंद्र गुप्ता बिहार से गिरफ्तार

 

महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) पेपर लीक मामले में भिवंडी पुलिस ने मुख्य आरोपी विजेंद्र कुमार गुप्ता को बिहार से गिरफ्तार कर लिया है। जून में विशेष जांच दल (SIT) ने पटना से विजेंद्र कुमार गुप्ता की पत्नी सुमन गुप्ता को भी गिरफ्तार किया था।

विजेंद्र कुमार गुप्ता ने अपने साथी सोनू के साथ मिलकर प्रिंटिंग हाउस के कर्मचारियों को पैसे और प्रॉपर्टी दिखाकर पेपर हासिल किया था। पेपर को जूते में छिपाकर प्रिंटिंग हाउस से निकाला था। खुलासा हुआ है कि यह पेपर आठ हजार रुपये में मिला था और ये पेपर भिवंडी और महाराष्ट्र के पुणे में बेचे गए थे। पेपर को करीब डेढ़ करोड़ में बेचे जाने की भी बात सामने आई है। लेकिन भिवंडी पुलिस ने ग्राहक बनकर भिवंडी में TET पेपर बेचने का पर्दाफाश किया।

इस केस में अब तक 13 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। इससे पहले 12 आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।

पुलिस ने विजेंद्र कुमार गुप्ता को देशभर में पेपर लीक के कई अन्य मामलों से भी जोड़ा है। इनमें 2023 की उड़ीसा स्टाफ सेलेक्शन कमीशन (OSSC) परीक्षा, बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) परीक्षा और मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) परीक्षा शामिल हैं।

विजेंद्र कुमार गुप्ता का नाम इससे पहले भी देश के कई चर्चित पेपर लीक मामलों में सामने आ चुका है। वर्ष 2024 में नीट पेपर लीक विवाद के दौरान एक मीडिया स्टिंग ऑपरेशन में उसने पेपर लीक सिंडिकेट के काम करने के तरीके और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की सुरक्षा व्यवस्था में संभावित कमजोरियों को लेकर कई दावे किए थे।

Leave a Comment