केरल के गृह मंत्री और महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रभारी रमेश चेन्नीथला द्वारा तिरंगे झंडे के डिजाइन वाला केक काटे जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस घटना को लेकर पूरे देश में आक्रोश की लहर देखने को मिल रही है। इस मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर कड़े शब्दों में हमला बोलते हुए कांग्रेस की कथित देशविरोधी मानसिकता पर सवाल उठाए हैं।
महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रभारी और केरल के वरिष्ठ कांग्रेस नेता रमेश चेन्नीथला ने केक काटते हुए वीडियो अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, “यह गर्व का पल है और जिम्मेदारी की याद दिलाने वाला भी। इस स्वतंत्रता दिवस पर, KPCC मुख्यालय में साथियों और सेवा दल के स्वयंसेवकों के साथ तिरंगा फहराया। हम जिस झंडे को सलाम करते हैं, वह हमें हमेशा उस भारत की याद दिलाता रहे, जिसे संजोकर रखने की जिम्मेदारी हमें सौंपी गई है—एक ऐसा भारत जो आजाद, लोकतांत्रिक, न्यायपूर्ण और एकजुट हो। जय हिंद।”
भाजपा के मुख्य प्रवक्ता नवनाथ बन ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कांग्रेस की कथित ढोंगी राष्ट्रभक्ति पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “केरल के गृह मंत्री और महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रभारी रमेश चेन्नीथला ने सीधे तिरंगे झंडे वाला केक काटा है। जिस तिरंगे के लिए हजारों क्रांतिकारियों ने बलिदान दिया और भारतीय जवान जिसकी रक्षा के लिए सीमा पर अपना खून बहाते हैं, उस तिरंगे वाला केक काटते समय आपको शर्म नहीं आती? यह राष्ट्रध्वज का अपमान है।”
