सिंहस्थ कुंभ के लिए महाराष्ट्र सरकार ने मंजूर किए 1,800 करोड़ रुपये

 

महाराष्ट्र के नासिक और त्र्यंबकेश्वर में होने वाले आगामी सिंहस्थ कुंभ मेले की तैयारियों को गति देने के लिए महाराष्ट्र सरकार ने 1,800 करोड़ रुपये जारी करने को मंजूरी दी है। यह राशि नासिक-त्र्यंबकेश्वर कुंभ मेला प्राधिकरण को दी जाएगी।

शहरी विकास विभाग ने गुरुवार को इस संबंध में शासनादेश (GR) जारी किया। यह राशि मानसून सत्र के दौरान मंजूर की गई 3,000 करोड़ रुपये की पूरक मांग की शेष रकम है। वित्त विभाग की मंजूरी के बाद अब यह राशि प्राधिकरण को हस्तांतरित की जाएगी।

इस बड़े बजट से नासिक और त्र्यंबकेश्वर में सड़क निर्माण व विकास, घाटों का निर्माण एवं सुधार, स्वच्छता व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पेयजल आपूर्ति और श्रद्धालुओं की सुरक्षा से जुड़े कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है।

शासनादेश के अनुसार, स्वीकृत राशि का खर्च केवल सिंहस्थ कुंभ मेले के निर्धारित उद्देश्यों के तहत आने वाले कार्यों पर किया जाएगा। खर्च के दौरान वित्त विभाग के दिशा-निर्देशों, वित्तीय नियमों और वित्तीय अधिकारों के प्रत्यायोजन से संबंधित प्रावधानों का पालन करना अनिवार्य होगा।

राज्य सरकार ने सिंहस्थ कुंभ की तैयारियों के लिए पहले भी कई चरणों में धनराशि जारी की है। वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान अलग-अलग चरणों में 283 करोड़ रुपये, 717 करोड़ रुपये, 501.40 करोड़ रुपये, 396.60 करोड़ रुपये और 1,220 करोड़ रुपये जारी किए गए।

अब वित्त वर्ष 2026-27 के लिए मानसून सत्र में स्वीकृत 3,000 करोड़ रुपये की पूरक मांग में से बची हुई पूरी 1,800 करोड़ रुपये की राशि भी मंजूर कर दी गई है।

Leave a Comment