FDA ने श्री गजानन वड़ापाव, समर्थ स्वीट्स, एकविरा झुणका भाकर केंद्र, मनीषा स्वीट्स, नवाब सीख कॉर्नर, होटल अश्विन और जय महाराष्ट्र मसाला डोसा कॉर्नर के लाइसेंस निलंबित किये

 

महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने मुंबई के छह होटल और खान-पान प्रतिष्ठानों के खाद्य लाइसेंस/रजिस्ट्रेशन निलंबित कर दिए हैं। FDA ने 8 और 9 सितंबर को किए गए निरीक्षण के दौरान कीटों की मौजूदगी, खराब स्वच्छता, खाद्य पदार्थों के अनुचित भंडारण और पर्याप्त वेंटिलेशन की कमी जैसी खामियां पाईं।

कार्रवाई की चपेट में आने वाले प्रतिष्ठानों में श्री गजानन वड़ापाव एंड स्नैक्स सेंटर, कांजुरमार्ग; समर्थ स्वीट्स, जोगेश्वरी; एकविरा झुणका भाकर केंद्र और मनीषा स्वीट्स, मुलुंड; नवाब सीख कॉर्नर; होटल अश्विन और जय महाराष्ट्र मसाला डोसा कॉर्नर शामिल हैं।

श्री गजानन वड़ापाव एंड स्नैक्स सेंटर में खाद्य पदार्थों को गर्म करने, ठंडा करने और रेफ्रिजरेशन के तापमान की नियमित निगरानी नहीं की जा रही थी। रसोई में दरवाजा नहीं था, जिससे कीटों के प्रवेश का खतरा बढ़ रहा था। कुछ खाद्य-संपर्क उपकरण भी अनुपयुक्त सामग्री से बने पाए गए।

समर्थ स्वीट्स में शिकायत के बाद निरीक्षण किया गया। यहां प्रवेश द्वार के पास खुले नाले और कचरा मिला। उत्पादन क्षेत्र में उचित कार्यप्रवाह नहीं था, जिससे खाद्य पदार्थों के क्रॉस-कंटैमिनेशन का खतरा था। उत्पादन क्षेत्र में निजी सामान, कपड़े और बिस्तर भी रखे मिले।

एकविरा झुणका भाकर केंद्र और मनीषा स्वीट्स में उत्पादन क्षेत्र बेहद संकरे और खराब वेंटिलेशन वाले पाए गए। कीटों से बचाव के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे और खाद्य तैयार करने के स्थान धूल व कीड़ों के संपर्क में थे।

नवाब सीख कॉर्नर में सूजी में चींटियां पाई गईं और कच्चा मांस खुले में रखा गया था। कच्चे, पके और खाने के लिए तैयार खाद्य पदार्थों को अलग-अलग रखने की उचित व्यवस्था नहीं थी। रेफ्रिजरेशन और स्टोरेज क्षेत्र भी अस्वच्छ पाए गए।

होटल अश्विन और जय महाराष्ट्र मसाला डोसा कॉर्नर में भी खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन मिला। इनमें खाद्य भंडारण, तापमान नियंत्रण, स्वच्छता और कीट नियंत्रण से जुड़ी कमियां शामिल थीं।

FDA ने महाप्रसाद, लंगर, भंडारा और अन्य सामुदायिक खाद्य वितरण कार्यक्रमों के आयोजकों से कार्यक्रम से कम से कम सात दिन पहले पूर्व सूचना देने को कहा है। इसके लिए ‘प्री-इंटिमेशन फॉर्म’ खाद्य एवं औषधि शिकायत पोर्टल पर उपलब्ध है।

FDA आयुक्त तुकाराम मुंडे ने कहा, “उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”

Leave a Comment