दक्षिण मुंबई में पार्किंग माफिया के खिलाफ 20 FIR दर्ज

 

दक्षिण मुंबई में पुलिस ने पिछले छह महीनों में अवैध पार्किंग संचालकों के खिलाफ कम से कम 20 मामले दर्ज किए हैं। इन मामलों में करीब 40 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। आरोप है कि ये लोग मुफ्त पार्किंग की जगहों पर कब्जा कर वाहन चालकों से जबरन पैसे वसूलते थे। कई मामलों में वाहन चालकों को धमकाने और अधिक शुल्क लेने के आरोप भी सामने आए हैं।

फोर्ट इलाके में रहने वाले वकील सत्यम सुराणा ने MRA मार्ग पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। सत्यम सुराणा के मुताबिक, 4 अगस्त को उन्होंने कालाघोड़ा में अन्ना इडली रेस्तरां के पास अपनी कार पार्क की थी।

काम खत्म करने के बाद जब वह कार निकाल रहे थे, तभी NGO की टी-शर्ट पहने एक व्यक्ति उनके पास आया। उसने BMC का पहचान पत्र दिखाया और 500 रुपये पार्किंग शुल्क मांगा। सत्यम सुराणा ने जब बताया कि वहां पीली लाइन नहीं है और पार्किंग मुफ्त है तो आरोपी उनसे बहस करने लगा। उसने डिजिटल भुगतान लेने से भी इन्कार कर दिया। इसके बाद एक और व्यक्ति वहां पहुंचा। दोनों ने उनकी कार के बोनट पर हाथ मारना शुरू कर दिया। सत्यम सुराणा ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को फोन किया। MRA मार्ग पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 318, 126 और 351 के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने प्रदीप शक्का नामक आरोपी को गिरफ्तार किया, जिसे बाद में जमानत मिल गई।

सत्यम सुराणा का आरोप है कि ये लोग सुबह जल्दी पहुंचकर मुफ्त पार्किंग की जगहों पर कब्जा कर लेते हैं। बाद में वाहन चालकों को भुगतान वाली पार्किंग में जाने के लिए मजबूर करते हैं। उनका आरोप है कि वहां अधिक शुल्क वसूला जाता है। इतना ही नहीं, जब भुगतान वाली पार्किंग भर जाती है तो यही लोग पहले से रोकी गई मुफ्त पार्किंग की जगहों पर भी पैसे लेकर वाहन खड़े करवाते हैं।

पार्किंग की अवैध वसूली के मामले दक्षिण मुंबई के कई इलाकों से सामने आए हैं।

आजाद मैदान पुलिस: क्रॉफर्ड मार्केट और फैशन स्ट्रीट के पास कम से कम छह मामले, एमआरए मार्ग पुलिस: कालाघोड़ा में अवैध पार्किंग, कुलाबा पुलिस: ताजमहल पैलेस होटल के पीछे पार्किंग वसूली, एलटी मार्ग पुलिस: कालबादेवी में अवैध पार्किंग, मरीन ड्राइव पुलिस: नरीमन प्वाइंट और विधान भवन क्षेत्र में मामले।

परिमंडल -1 के पुलिस उपायुक्त मनीष कलवानिया के अनुसार, ऐसे मामलों में अब तक करीब 40 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है।

नरीमन प्वाइंट पर भी पार्किंग शुल्क की वसूली को लेकर मामला सामने आया। वाहन मालिक पंकज गुप्ता ने पुलिस से शिकायत की कि उनसे अधिक पैसे लिए गए और रसीद नहीं दी गई। पुलिस के मुताबिक, वहां एक व्यक्ति ‘स्वप्न साकार महिला बचत गट’ की टी-शर्ट पहनकर पार्किंग शुल्क वसूल रहा था। दस्तावेज मांगे जाने पर वह पार्किंग शुल्क वसूलने का कोई अधिकार पत्र नहीं दिखा सका।

जून महीने में आजाद मैदान पुलिस ने डी.एन. रोड पर जे.जे. फ्लाईओवर के नीचे और क्रॉफर्ड मार्केट में भी ऐसे मामले दर्ज किए थे। दो टैक्सी चालकों ने शिकायत की थी कि उनसे 300 और 100 रुपये लिए गए, लेकिन रसीद नहीं दी गई।

एलटी मार्ग पुलिस के एक अधिकारी के अनुसार कई वाहन चालक इस डर से पैसे दे देते हैं कि अवैध पार्किंग संचालक उनकी गाड़ी पर नजर रखेंगे। कालबादेवी के कुछ कारोबारी इन लोगों को मासिक शुल्क भी देते हैं। बदले में उन्हें पार्किंग की जगह ‘आरक्षित’ रखने और उनके वाहनों की निगरानी का भरोसा दिया जाता है।

BMC अधिकारी के अनुसार किसी पार्किंग ठेके को रद्द नहीं किया गया है, हालांकि कुछ ठेकों की अवधि समाप्त हो चुकी है। अधिकारी ने कहा कि पार्किंग शुल्क की अवैध वसूली और ओवरचार्जिंग से जुड़े मामलों में पुलिस कार्रवाई करती है। उनके अनुसार, हाल में सामने आए मामले मुख्य रूप से मुफ्त पार्किंग वाली जगहों पर अवैध वसूली से जुड़े हैं।

Leave a Comment