महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी हाल ही में मुंबई स्थित अपने आधिकारिक आवास ‘वर्षा’ में फिल्म ‘हनुमान अंश’ की टीम से मुलाकात की। उन्होंने फिल्म की बॉक्स ऑफिस पर सफलता के लिए टीम को बधाई दी। यह मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब फिल्म छह सप्ताह से अधिक समय से सिनेमाघरों में सफलतापूर्वक चल रही है।
देवेंद्र फडणवीस ने मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर भी साझा किया। उन्होंने लिखा- कल शाम ‘हनुमान अंश’ की टीम का वर्षा में स्वागत कर खुशी हुई। टीम ने गणपति बप्पा का आशीर्वाद लिया।
विशाल चतुर्वेदी और पूरी टीम को शानदार काम के लिए बधाई और उनके सभी प्रयासों में आगे भी सफलता की शुभकामनाएं!
विशाल चतुर्वेदी की फिल्म ‘हनुमान अंश’ छह सप्ताह से अधिक समय पूरा करने के बाद भी सिनेमाघरों में मजबूत प्रदर्शन कर रही है। करीब 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी यह फिल्म आध्यात्मिक गुरु नीम करौली बाबा के जीवन और शिक्षाओं पर आधारित है। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन किया है।
फिल्म के 43वें दिन तक भारत में 293.30 करोड़ रुपये की ग्रॉस कमाई दर्ज होने का दावा किया गया है। वहीं, विदेशों में फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 23 करोड़ रुपये बताया गया है। इस तरह फिल्म का कथित वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 316.30 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
‘हनुमान अंश’ एक बायोग्राफिकल भक्तिमय ड्रामा है, जिसे डॉ. विशाल चतुर्वेदी ने लिखा, निर्देशित और निर्मित किया है। यह उनकी किताब ‘Divine Detour: That Changed My Life’ पर आधारित प्रस्तावित ट्रायलॉजी की पहली फिल्म है। किताब में नीम करौली बाबा के जीवन का वर्णन किया गया है।
