बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर मुंबई में फायरिंग के तीन आरोपियों को 19 अक्टूबर 2026 को राजस्थान एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) और कोटा सिटी पुलिस की संयुक्त टीम ने मुंबई पुलिस से मिली जानकारी के आधार पर गिरफ्तार कर लिया। वे मुंबई से पुणे-जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन में सवार हुए थे।
मुंबई के जुहू इलाके में रविवार, 18 अक्टूबर 2026 की शाम लगभग 7 बजे एक मोटरसाइकिल पर आये इन तीन शूटरों ने टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग कर दी। सात राउंड हुई इस फायरिंग में टाइगर श्रॉफ तो बच गए परन्तु उनका ड्राइवर नाना फिरदौस और एक ऑटो रिक्शा चालक उमेश चव्हाण घायल हो गए। टाइगर श्रॉफ को कांच के टुकड़े लगे जिससे उन्हें भी नानावटी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
शूटरों के नाम 1- फूल नरेश सिंह (18 वर्ष), निवासी बरोदा, ठुठान, जिला सोनीपत, हरियाणा, 2- ऋतिक उर्फ रोशन रामू महतो (22 वर्ष), मूल निवासी पिपराई, जिला बेगूसराय, बिहार। वर्तमान में गिल बर्ली, उर्दू स्कूल के पास, अंधेरी पश्चिम, मुंबई में रहता है। वह रैपिडो राइडर है। और 3- रेहान ऋषिउद्दीन अंसारी (18 वर्ष), निवासी ईदगाह कॉलोनी, पुलिस थाना सदर, सोनीपत, हरियाणा हैं।
कोटा एसपी तेजस्वनी गौतम ने कहा- हमारी पुलिस टीम ने महज 15 मिनट के भीतर जाल बिछाकर पूरी ट्रेन की तलाशी ली। कोटा नगर पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप, हमने गोलीबारी के लिए जिम्मेदार तीनों संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया है।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि मुंबई पुलिस ने आरोपियों की गतिविधियों की जानकारी राजस्थान पुलिस के साथ साझा की थी, जिसके बाद राजस्थान में उन्हें गिरफ्तार किया गया।
शूटर एसवी रोड से विलेपार्ले और अंधेरी की ओर गए। इसके बाद उन्होंने अंधेरी पश्चिम रेलवे स्टेशन के पास अपनी मोटरसाइकिल छोड़ दी और बोरीवली की ओर जाने वाली ट्रेन में सवार हो गए। शूटर ट्रेन के जरिए दिल्ली और फिर वहां से नेपाल भागने की फिराक में थे।
शूटरों में से एक रेहान ऋषिउद्दीन अंसारी पिछले 12 वर्षों से अपने पिता से अलग रह रहा था। नौवीं कक्षा में फेल होने के बाद उसने पढ़ाई छोड़ दी थी। इससे पहले भी उसे अवैध रूप से हथियार रखने के एक मामले में जेल हो चुकी थी। उसकी मां शमशीदा एक निजी कंपनी में काम करती हैं। रेहान की मौसी अफसाना के मुताबिक जेल से छूटने के बाद रेहान ने वेल्डिंग का काम शुरू कर दिया था। वह घर से यह कहकर निकलता था कि काम पर जा रहा है। बकरीद के दौरान वह घर पर था। ईद मनाने के बाद उसने परिवार के सदस्यों से कहा कि वह वेल्डिंग के काम पर जा रहा है और फिर घर से निकल गया।
रेहान अपनी मां और मौसी के साथ अपने मामा के घर में रहता था।
माफिया सरगना अनमोल बिश्नोई गैंग के विदेश में बैठे गुर्गे अनिल पंडित और हरमन संधू ने अपने फेसबुक अकाउंट पर पोस्ट कर हमले की ज़िम्मेदारी ली है। अनिल पंडित ने वायस रिकॉर्डिंग भी प्रसारित किया है। अनिल पंडित का कहना है कि उसने टाइगर श्रॉफ को चेतावनी दी थी कि वे सलमान खान के साथ काम न करें, लेकिन उन्होंने इसे गंभीरता से नहीं लिया। अनिल पंडित ने मुंबई फिल्म इंडस्ट्री के उन लोगों को भी धमकी दी है, जो गिरोह की मांगें नहीं मानते या सलमान खान के साथ काम करते हैं। पोस्ट में चेतावनी दी गई है कि ऐसे लोगों को अगला निशाना बनाया जा सकता है। वायस रिकॉर्डिंग में अनिल पंडित कहता है कि सलमान खान दाऊद इब्राहीम का कुत्ता है।
