दूसरों का भविष्य बताने वाले ज्योतिषाचार्य आचार्य इंदु प्रकाश मिश्रा की पत्नी चुनाव हार गयी !!

आचार्य इंदु प्रकाश मिश्रा और पत्नी स्मिता मिश्रा

उत्तर प्रदेश के स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव में मशहूर ज्योतिषाचार्य आचार्य इंदु प्रकाश मिश्रा की पत्नी स्मिता मिश्रा चुनाव हार गईं। हैरानी की बात यह है कि उन्हें महज 300 वोट ही मिले। अब सोशल मीडिया पर लोग सवाल उठा रहे हैं कि जो ज्योतिषाचार्य दुनिया भर के लोगों का भविष्य बताते हैं, वे अपनी पत्नी के चुनावी भविष्य का अंदाजा भी नहीं लगा पाए!

इस नतीजे को लेकर सोशल मीडिया पर खूब तंज कसे जा रहे हैं। लोग कह रहे हैं कि दूसरों की किस्मत और ग्रह-नक्षत्रों का हिसाब लगाने वाले ज्योतिषाचार्य के घर में ही चुनावी सितारे गर्दिश में निकल गए। पत्नी की इतनी करारी हार ने ज्योतिषाचार्य की भविष्यवाणियों को लेकर भी लोगों को मजाक करने का मौका दे दिया है।

स्मिता मिश्रा 28 सितंबर को कांग्रेस में शामिल हुई थीं। कहा जाता है कि, उस समय प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने उन्हें लखनऊ खंड स्नातक सीट से उम्मीदवार बनाने का भरोसा दिया था। लेकिन, कुछ ही दिन बाद अजय राय प्रदेश अध्यक्ष पद से हट गए। नई अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने स्मिता को टिकट नहीं देने का फैसला लिया। इसके बाद फिर स्मिता मिश्रा निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर मैदान में उतरीं।

स्मिता मिश्रा ने आरोप लगाया कि चुनाव में बूथ कैप्चरिंग हुई और उनके एजेंट को मतदान केंद्र के अंदर नहीं बैठने दिया गया। उन्होंने दावा किया कि अधिकारियों ने उनके सामने ही एजेंट को डांटकर बाहर निकाल दिया। स्मिता मिश्रा के मुताबिक, उन्होंने दो साल तक चुनाव की तैयारी की थी। इस दौरान 37 तहसीलों के स्कूलों और कॉलेजों में जाकर शिक्षकों, विद्यार्थियों से संपर्क किया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके समर्थकों के वोट नहीं बनने दिए गए और कई लोगों को वोट करने से रोका गया।

हार के बाद स्मिता मिश्रा ने मतदाता सूची में गड़बड़ी और फर्जी मतदान का भी आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि उनके समर्थकों ने ऑनलाइन करीब 22 हजार फॉर्म जमा किए थे। लेकिन, वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने को लेकर स्पष्ट जवाब नहीं मिला। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग से 100 से ज्यादा शिकायतें की गईं, लेकिन किसी का जवाब नहीं आया। उन्होंने चुनाव में पैसे बांटने के आरोप भी लगाए। उत्तर प्रदेश की 11 स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सीटों पर हुए चुनाव में भाजपा ने छह सीटें जीतकर अपनी बढ़त कायम रखी, जबकि समाजवादी पार्टी ने पांच सीटों पर कब्जा जमाया।

Leave a Comment