नवी मुंबई के कोपरखैरने में 5 नवम्बर 2026 की रात 9.15 बजे एक प्रेमी ने घर में घुसकर अपनी प्रेमिका को गोली मार दी। इस गोलीबारी में प्रेमिका की बड़ी बहन भी घायल हो गयी है। स्थानीय लोगों ने प्रेमी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। प्रेमी का साथी अभी भी फरार है।
यह घटना गुरुवार रात 9:15 बजे कोपरखैरणे के सेक्टर-1 स्थित एसएस-3 कॉम्प्लेक्स में हुई। यहाँ लड़कियों के पिता लॉन्ड्री का काम करते हैं। घटना के समय लड़कियां घर में अकेली थीं।
आरोपी अर्जुन चव्हाण (22) एक लड़की से प्यार करता था। किसी कारणवश उस लड़की ने अर्जुन चव्हाण से बातचीत बंद कर दी थी। इससे खफा अर्जुन चव्हाण अपने दोस्त राकेश चव्हाण के साथ लड़की के घर गया और उस पर गोली चला दी।
कोपरखैरने पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अमोल देशमुख ने घटना की पुष्टि की है और बताया कि स्थानीय लोगों की मदद से अर्जुन चव्हाण को इलाके में ही पकड़ लिया गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। वारदात में इस्तेमाल हथियार अभी बरामद नहीं हुआ है।
डीसीपी (जोन-1) विजय खरात के अनुसार 20 वर्षीय युवती की पीठ में गोली लगी है, जबकि दूसरी गोली उसके सिर को कान के पास छूकर निकल गई। गोलीबारी में उसकी 22 वर्षीय बड़ी बहन भी घायल हुई है।
दोनों बहनों को इलाज के लिए वाशी स्थित नवी मुंबई महानगरपालिका (एनएमएमसी) अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, छोटी बहन की पीठ में लगी गोली शरीर के अंदर ही फंसी हुई है, लेकिन उससे किसी भी आंतरिक अंग को नुकसान नहीं पहुंचा है। डॉक्टरों ने पुष्टि की है कि दोनों बहनें खतरे से बाहर हैं।
