भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मुंबई युवा मोर्चा के अध्यक्ष दीपक सिंह ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में इस्तेमाल हो रहे स्लोगन ‘सलाम मुंबई’ को बदलने की मांग की है। सलाम मुंबई की जगह ‘नमस्ते मुंबई’ या ‘नमस्कार मुंबई’ करने की मांग की है।
दीपक सिंह का कहना है कि सलाम शब्द मुंबई की सांस्कृतिक पहचान को सही तरीके से प्रस्तुत नहीं करता। इस पर कार्रवाई की मांग करते हुए दीपक सिंह ने मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) के अध्यक्ष अजिंक्य नाईक को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में स्पष्ट रूप से लिखा है कि ऐसे स्लोगन का लगातार प्रसारण लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचा सकता है।
दीपक सिंह ने अपने पत्र में कहा कि मुंबई की असली पहचान ‘नमस्ते मुंबई’ या ‘नमस्कार मुंबई’ से जुड़ी हुई है। उन्होंने मांग की कि भविष्य में IPL या अन्य क्रिकेट मैचों के दौरान इन्हीं शब्दों का इस्तेमाल करें और ‘सलाम मुंबई’ जैसे स्लोगन को पूरी तरह बंद करें।
दीपक सिंह के अनुसार मुंबई महाराष्ट्र का हिस्सा है, जहां की अपनी भाषा, संस्कृति और परंपराएं हैं। ऐसे में इनका सम्मान करना हर संस्था की जिम्मेदारी है। उनका मानना है कि ‘नमस्कार’ शब्द यहां की परंपरा के ज्यादा करीब है।
दीपक सिंह ने यह भी सुझाव दिया कि मैचों के दौरान बड़ी स्क्रीन पर “जय महाराष्ट्र” जैसे संदेश भी दिखाए जा सकते हैं। उनका कहना है कि इससे राज्य की भावना और गौरव को बेहतर तरीके से दर्शाया जा सकेगा। इस पूरे मामले पर MCA अध्यक्ष अजिंक्य नाईक ने संगठन की मांग पर आश्वासन दिया है कि इसे गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने संकेत दिए कि भविष्य में इस पर सकारात्मक फैसला लिया जा सकता है।
