दाऊद इब्राहिम का साथी सलीम डोला इस्तांबुल में गिरफ्तार

सलीम डोला

मुंबई अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के करीबी सहयोगी सलीम डोला को तुर्की के अधिकारियों ने इस्तांबुल में गिरफ्तार कर लिया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सलीम डोला पर अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क में शामिल होने का आरोप है और वह काफी समय से कानून प्रवर्तन एजेंसियों की निगरानी में था।

सूत्रों ने बताया तुर्की की नेशनल इंटेलिजेंस ऑर्गनाइजेशन (MIT) और पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में सलीम डोला उनके हत्थे चढ़ गया। इस ऑपरेशन का निशाना भारतीय अंडरवर्ल्ड और दाऊद इब्राहिम के संगठन से जुड़े सिंथेटिक ड्रग नेटवर्क पर था। तुर्किये टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक सलीम डोला इंटरपोल द्वारा वांछित था और कानून से बचने के लिए फर्जी दस्तावेजों और झूठी पहचान का इस्तेमाल कर रहा था।

बता दें कि पिछले साल सितंबर में राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने मेफेड्रोन (MD) के निर्माण और परिवहन में शामिल एक सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया था। अधिकारियों का दावा था कि इसमें शामिल लोगों के तार फरार अपराधी सलीम डोला से जुड़े हैं, जो अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम का करीबी सहयोगी है। इस मामले में DRI ने तीन अन्य लोगों—पीआर थोरात, वीआर शाह और ए इदरीसी—की भूमिका की भी जांच की थी।

DRI सूत्रों के अनुसार एक आरोपी सलीम डोला के निर्देश पर MD बनाने के लिए प्रीकर्सर केमिकल्स की आपूर्ति करता था। उसने एक केमिकल सप्लायर से संपर्क कर उसे बाजार भाव से अधिक कमीशन का प्रस्ताव दिया, जिसे सप्लायर ने स्वीकार कर लिया। इसके बाद सप्लायर हर महीने केमिकल्स की आपूर्ति करता रहा—मार्च में 50 किलो, अप्रैल में 100 किलो, मई में 50 किलो, जून में 100 किलो और जुलाई में 100 किलो। पकड़े जाने से बचने के लिए दोनों ने बिना बिल के केमिकल्स सप्लाई करने और फर्जी एंड-यूज व उपयोग प्रमाणपत्र तैयार करने का तरीका अपनाया था।

Leave a Comment