भूषण बारा
झारखंड की राजधानी रांची में कांग्रेस विधायक भूषण बारा कानूनी मुश्किलों में घिरते नजर आ रहे हैं। एक नाबालिग ने विधायक पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने उनके खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। मामले में पॉक्सो (POCSO) एक्ट के साथ जेजे एक्ट की धाराएं भी लगाई गई हैं।
हटिया के डिप्टी एसपी नीरज कुमार ने FIR दर्ज होने की पुष्टि करते हुए बताया कि शिकायतकर्ता नाबालिग है और उसने विधायक के घर पर रहने के दौरान यौन उत्पीड़न की बात कही है।
पुलिस के अनुसार, FIR दर्ज होने के बाद पीड़िता की मेडिकल जांच कराई गयी और इसके अलावा धारा 164 के तहत उसका बयान भी दर्ज कराया जाएगा। मामले में पॉक्सो एक्ट और जेजे एक्ट के प्रावधानों के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
डिप्टी एसपी नीरज कुमार का कहना है कि पुलिस सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए आरोपों की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस मामले में पुलिस की जांच जारी है।
दूसरी ओर, कांग्रेस विधायक भूषण बारा ने अपने ऊपर लगे आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है। उन्होंने इसे मनगढ़ंत बताते हुए कहा कि कुछ विरोधी लोग उनकी छवि खराब करने के इरादे से साजिश रच रहे हैं।
विधायक के मुताबिक, इस साजिश में उनके संगठन से निष्कासित कुछ लोग और असामाजिक तत्व शामिल हैं। उन्होंने दावा किया कि बच्ची के साथ कोई गलत घटना नहीं हुई है और उसे गुमराह करके आरोप लगवाए जा रहे हैं।
भूषण बारा ने कहा कि वह दूसरी बार विधायक बने हैं और अब तक उनके खिलाफ इस तरह की कोई घटना सामने नहीं आई है। उन्होंने अपनी राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियों का जिक्र करते हुए कहा कि वह हमेशा लोगों के दुख-दर्द में उनके साथ खड़े रहते हैं और जिस तरह से लोग उनसे जुड़ रहे हैं, उससे कुछ लोगों को परेशानी हो रही है।
विधायक ने दोहराया कि बच्ची खुद आरोप नहीं लगा रही, बल्कि उससे आरोप लगवाए जा रहे हैं। उन्होंने पूरे मामले को अपनी प्रतिष्ठा धूमिल करने की कोशिश करार दिया है।
