अमरावती का डॉक्टर भोजने दंपति करता था नवजात बच्चों की बिक्री, 12 साल बाद हुआ बड़ा खुलासा

डॉ. वैशाली भोजने

महाराष्ट्र को झकझोर देने वाले अमरावती के नवजात शिशु बिक्री मामले में अब एक नया और चौंकाने वाला मोड़ सामने आया है। मामले की मुख्य आरोपी डॉ. वैशाली भोजने और उनके पति प्रफुल्ल भोजने ने पूछताछ के दौरान एक और सनसनीखेज खुलासा किया है। डॉक्टर दंपति के जरिए मानव तस्करी का चौंकाने वाला मामला उजागर हुआ है। जांच में सामने आया है कि फर्जी प्रसव दिखाकर नवजात बच्चे का जन्म प्रमाणपत्र बनवाया गया था। इस खुलासे के बाद अमरावती महानगरपालिका में हड़कंप मच गया है।

डॉ. वैशाली भोजने पर पहले से ही नवजात बच्चों की बिक्री के गंभीर आरोप हैं। अब उनके खिलाफ एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने अमरावती शहर में हलचल मचा दी है। आरोप है कि डॉ. वैशाली भोजने ने जिस दंपति को बच्चा बेचा था, उसके लिए फर्जी प्रसव का रिकॉर्ड तैयार करवाया और अमरावती महानगरपालिका से बच्चे का जन्म प्रमाणपत्र भी हासिल कर लिया।

खास बात यह है कि इस मामले में डॉक्टर समेत कुछ अन्य लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। पुलिस इसकी जांच कर रही है। वर्ष 2014 में जन्मा यह बच्चा अब 12 साल का हो चुका है। करीब 12 साल बाद इस पूरे मामले का पर्दाफाश होने से चिकित्सा क्षेत्र के साथ-साथ महानगरपालिका प्रशासन में भी खलबली मच गई है। इस मामले में कई गंभीर सवाल उठ रहे हैं। महानगरपालिका के किन कर्मचारियों की इसमें संलिप्तता है? क्या जन्म प्रमाणपत्र जारी करते समय नियमों की अनदेखी की गई थी? पुलिस अब इन तमाम पहलुओं की जांच कर रही है।

अमरावती शहर में 15 अक्टूबर को सामने आए नवजात शिशु की बिक्री के मामले ने पूरे जिले में सनसनी फैला दी थी। आरोप है कि इस डॉक्टर दंपति ने एक नाबालिग लड़की की अपने निजी अस्पताल में डिलीवरी कराई और उसके नवजात बच्चे को 3 लाख 50 हजार रुपये में बेचने की कोशिश की। इस मामले में अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें बच्चे का जैविक पिता भी शामिल है।

अमरावती महानगरपालिका ने संबंधित अस्पताल का निरीक्षण करने के बाद डॉ. भोजने दंपति के अस्पताल को सील कर दिया था। इसी बीच, पुलिस को दिए गए बयान में डॉ. वैशाली भोजने ने एक और चौंकाने वाला खुलासा किया है। सामने आया है कि उन्होंने पिछले 12 वर्षों में छह बच्चों को दूसरे लोगों को सौंपा था। बच्चों को लेने वाले लोगों से उनके जैविक माता-पिता को 50 हजार से लेकर डेढ़ लाख रुपये तक की रकम मिलने की बात सामने आई है। डॉ. वैशाली भोजने पर एक नाबालिग लड़की की डिलीवरी कराकर उसका नवजात बच्चा बेचने का भी गंभीर आरोप है।

बताया जा रहा है कि बच्चा बेचने के बाद मिली रकम जैविक माता-पिता को दी गई थी। हालांकि, डॉ. भोजने का दावा है कि उन्होंने इस मामले में कोई रकम नहीं ली।

Leave a Comment