रेनू भटनागर
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक महिला को अपने पति के खाने में लंबे समय तक सीसा (लेड) मिलाकर उसे जहर देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पति के खून में सीसे की असामान्य रूप से अधिक मात्रा पाए जाने संबंधी मेडिकल रिपोर्ट सामने आने के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की। पति ने खुद पुलिस से इसकी शिकायत की थी।
आरोपी महिला की पहचान रेनू भटनागर के रूप में हुई है। उस पर अपने पति ट्रांसपोर्ट व्यवसायी सुशील भटनागर और बेटे की हत्या की साजिश रचने का आरोप है। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि उसके पति की करीब 6 करोड़ रुपये की ट्रैवल एजेंसी है और 2 करोड़ रुपये की लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी भी है। आरोप है कि वह पति की संपत्ति और बीमा की रकम पर कब्जा करना चाहती थी।
इंदिरापुरम के एसीपी सूर्यबली मौर्य ने बताया कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होते रहते थे। करीब दो महीने पहले सुशील भटनागर की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मेडिकल जांच में उनके खून में सीसे (लेड) की मात्रा असामान्य रूप से अधिक पाई गई। इसके बाद दोबारा कराई गई जांच में भी इसकी पुष्टि हुई।
बताया जाता है कि डॉक्टरों को तब शक हुआ, जब उन्हें पता चला कि आरोपी महिला का परिवार आभूषण बनाने के कारोबार से जुड़ा है, जहां सीसे का इस्तेमाल किया जाता है। डॉक्टरों ने सुशील को आगाह किया कि उन्हें जहर दिए जाने की आशंका हो सकती है।
करीब एक महीने तक पत्नी से अलग रहने के बाद सुशील ने दोबारा मेडिकल जांच कराई। इस बार उनके खून में सीसे की मात्रा कम पाई गई। इसके बाद उन्होंने अपनी पत्नी रेनू, सास लता सक्सेना, साले रवि सक्सेना, एक अन्य रिश्तेदार सुशील गिरधर और सहयोगी बबलू के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
सुशील भटनागर ने यह भी दावा किया कि उनके बच्चों ने उन्हें बताया था कि उनकी मां खाने में किसी चीज का स्प्रे किया करती थीं। उन्होंने पत्नी पर विवाहेतर संबंध होने का आरोप भी लगाया। इस बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे।
पुलिस ने मंगलवार को मामला दर्ज कर रेनू को गिरफ्तार कर लिया।
