मिथुन चक्रवर्ती के अवैध निर्माण को BMC ने भेजा कारण बताओ नोटिस

मिथुन चक्रवर्ती

 

भाजपा नेता और दिग्गज अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती को मलाड के एरंगल गांव में एक प्लॉट पर कथित रूप से अवैध ग्राउंड फ्लोर स्ट्रक्चर बनाने के लिए कारण बताओ नोटिस भेजा गया है। BMC अधिकारियों के अनुसार, मिथुन चक्रवर्ती को अब ये बताना होगा कि निर्माण को क्यों नहीं गिराया जाना चाहिए। अगर वो जवाब नहीं देते या इसका औचित्य साबित करने में विफल रहते हैं, तो BMC का कहना है कि वे इसे ध्वस्त कर देंगे।

BMC ने मड एरिया में 100 से ज्यादा अवैध निर्माणों को चिन्हित किया है, जिनमें कुछ बंगले भी शामिल हैं, जो कथित तौर पर फर्जी लेआउट प्लान का इस्तेमाल करके बनाए गए थे। अधिकारियों का कहना है कि वे मई के अंत तक ऐसी सभी अवैध इमारतों को हटाने की योजना बना रहे हैं।

सूत्रों ने बताया, ‘एरंगल गांव में हीरा देवी मंदिर के पास निरीक्षण के दौरान दो एक से ज्यादा मेजेनाइन मंजिला इमारतें, एक ग्राउंड फ्लोर स्ट्रक्चर और ईंटों, लकड़ी, कांच और एसी शीट से बनी तीन अस्थायी इकाइयां पाई गईं। ये संरचनाएं सक्षम प्राधिकारी से अनुमति लिए बिना क्षेत्र में बनाई गई हैं, जिसके लिए एक्टर को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।’

BMC ने मुंबई नगर निगम अधिनियम की धारा 351(1ए) के तहत मिथुन को नोटिस जारी किया है, जिसमें उन्हें 10 मई से एक हफ्ते के अंदर जवाब देने के लिए कहा गया है। उनसे यह स्पष्ट करने के लिए कहा गया है कि कथित निर्माण को क्यों न हटाया जाए, उसमें बदलाव क्यों न किया जाए या फिर उस जगह का इस्तेमाल क्यों न बंद किया जाए। अगर वह समय पर जवाब देने में विफल रहते हैं, तो नगर निकाय संरचना के खिलाफ कार्रवाई कर सकता है।

Leave a Comment