कर्नाटक की बेंगलुरु पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए रॉयल चैंलेंजर्स बेंगलुरु (RCB), DNA इवेंट मैनेजमेंट और कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ के खिलाफ FIR दर्ज की है। पुलिस ने BNS की धारा 105, 25 (1)(2), 132, 121/1, 190 R/w 3 (5) के तहत FIR दर्ज की है। साथ ही कर्नाटक सरकार ने आज हाईकोर्ट में स्टेटस रिपोर्ट सौंपी। इसमें बताया कि केस की जांच अब CID व SIT करेगी।
18 साल के लंबे इंतजार के बाद गौरतलब है कि 4 मई 2025 को रॉयल चैंलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने पहली बार IPL खिताब जीतने पर बेंगलुरु में विक्ट्री परेड का आयोजन किया था। पहले राज्य सरकार ने विधानसभा परिसर में सभी खिलाडिय़ों का सम्मान किया। इसके बाद चिन्नास्वामी स्टेडियम में कार्यक्रम में हुआ। इससे पहले ही स्टेडियम के बाहर जुटी भीड़ में भगदड़ मचने से 11 लोगों की मौत हो गई। 33 लोग घायल हो गए। सभी मरने वाले 35 साल से कम उम्र के थे, 3 टीनएजर हैं। स्टेडियम में फ्री पास से एंट्री पास RCB की वेबसाइट से लेने थे। एक दिन पहले घोषणा होने के बाद बड़ी संख्या में लोग वेबसाइट विजिट करने लगे तो साइट क्रैश हो गई। पास पाने वालों के साथ ही बिना पास के लोग भी स्टेडियम पहुंचे। इससे भीड़ का अंदाजा नहीं हो सका। जिस गेट से फैंस की एंट्री होनी थी, वह इतना संकरा था कि एक बार में दो लोग भी नहीं घुस सकते थे।
प्रारंभिक जांच के मुताबिक भीड़ ने स्टेडियम में घुसने के लिए गेट नंबर 12, 13 व 10 तोडऩे की कोशिश की। पुलिस ने लाठीचार्ज किया। नाले पर रखा स्लैब ढह गया। हल्की बारिश के बीच भगदड़ मच गई। दोपहर लगभग 3.30 बजे भीड़ और बढ़ी तो सभी गेट बंद कर दिए गए। इससे पास वाले भी अंदर नहीं घुस पाए। हंगामा शुरू हो गया। गेट नंबर 10 पर स्थिति ज्यादा बिगड़ी। पुलिस ने महिलाओं-बच्चों को पीछे धकेला, कुछ महिलाएं बेहोश होकर गिर गईं। सरकार ने कहा कि 5 हजार सुरक्षाकर्मी थे, लेकिन भीड़ बहुत थी। इसलिए विक्ट्री परेड नहीं हो सकी। सूत्रों के मुताबिक इनमें से ज्यादातर पुलिसकर्मी 36 घंटे से ड्यूटी पर थे।
बता दें कि DNA इवेंट मैनेजमेंट नामक एजेंसी ने ही RCB की जीत के जश्न वाले कार्यक्रम का मैनेंजमेंट संभाल रखा था और कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ ने कार्यक्रम का आयोजन किया था।
