‘राजा’ नहीं, ‘राज’ से प्यार करती थी सोनम, मेघालय से गायब सोनम उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार, राज भी पकड़ा गया

सोनम रघुवंशी

मध्य प्रदेश के इंदौर के नवविवाहित जोड़े राजा रघुवंशी और सोनम रघुवंशी के मेघालय में गायब होने का मामला सोशल मीडिया की सुर्खियां बना था। अब खुलासा हुआ है कि सोनम अपने पति राजा रघुवंशी से नहीं राज कुशवाहा से प्यार करती थी। इसलिए राज कुशवाहा के मार्फ़त राजा की हत्या करवा दी। पुलिस ने सोनम, राज और दो अन्य लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

11 मई 2025 को इंदौर के 29 साल के बिजनेसमैन राजा रघुवंशी और 25 साल की सोनम की शादी हुई। शादी के ठीक 9 दिन बाद, 20 मई को ये नई-नवेली जोड़ी हनीमून के लिए मेघालय के शिलांग निकल पड़ी। 22 मई को दोनों शिलॉन्ग के एक होमस्टे में रुके। अगले दिन यानी 23 मई को वो चेरापूंजी के पास नोंग्रीट गांव में डबल डेकर लिविंग रूट ब्रिज देखने गए, लेकिन यहीं से कहानी में ट्विस्ट शुरू हुआ। 8 दिन की तलाश के बाद 2 जून 2025 को मेघालय पुलिस को वेई सॉडॉन्ग वॉटरफॉल के पास एक गहरी खाई में राजा का सड़ा-गला शव मिला। राजा के दाहिने हाथ पर “राजा” लिखा टैटू देखकर उसकी पहचान हुई।

पुलिस, NDRF, SDRF, स्पेशल ऑपरेशन टीमें और ड्रोन सोनम को पिछले 17 दिन से ढूंढ रहे थे। सोनम ने बीती रात परिजनों को फोन कर जानकारी दी कि वो उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में है। सोनम ने अपने भाई गोविंद रघुवंशी को पुलिस के फोन से कॉल किया था। इधर सोनम को गाजीपुर पुलिस ने मेघालय पुलिस से बातचीत करने के बाद गिरफ्तार कर लिया। उत्तर प्रदेश पुलिस के एडीजी (लॉ एंड ऑर्डर) अमिताभ यश ने बताया- 24 वर्षीय सोनम रघुवंशी वाराणसी-गाजीपुर मेन रोड पर काशी ढाबा पर मिली।

मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड संगमा ने ट्वीट कर बताया, ‘सात दिनों के भीतर मेघालय पुलिस ने राजा रघुवंशी हत्याकांड में एक बड़ी सफलता हासिल की है। 3 हमलावरों को गिरफ्तार किया गया है और महिला ने आत्मसमर्पण कर दिया है। एक और आरोपी को पकड़ने के लिए ऑपरेशन अभी भी जारी है।’

राज कुशवाहा सोनम की ऑफिस में ही काम करता था। सोनम का सनमाइका का बिज़नेस है। सोनम राज कुशवाहा से प्यार करती थी।

Leave a Comment