आगामी 1 जुलाई 2025 से अब तत्काल योजना के तहत सीट या बर्थ तभी बुक की जा सकेंगी, जबकि सीट लेने वाले का वेरिफिकेशन आधार कार्ड से हो जाएगा। इतना ही नहीं, 15 जुलाई, 2025 से एक और नियम लागू होगा। अब तत्काल टिकट बुक करते समय आधार कार्ड से लिंक OTP भी डालना होगा। OTP आपके आधार कार्ड से जुड़े मोबाइल नंबर पर आएगा।
रेलवे बोर्ड से सभी जोनल रेलवे को भेजे आदेश में कहा गया है “01-07-2025 से, तत्काल योजना के तहत टिकट IRCTC की वेबसाइट या ऐप से केवल आधार प्रमाणित उपयोगकर्ता ही बुक कर सकते हैं।” IRCTC भारतीय रेलवे की टिकट बुकिंग वेबसाइट है। आधार प्रमाणित उपयोगकर्ता का मतलब है कि आपका आधार कार्ड IRCTC अकाउंट से लिंक होना चाहिए।
रेलवे ने टिकट एजेंटों के लिए भी नियम बनाए हैं। एजेंट अब तत्काल टिकट बुकिंग खुलने के पहले 30 मिनट तक टिकट बुक नहीं कर पाएंगे। AC क्लास के लिए यह समय सुबह 10:00 बजे से 10:30 बजे तक और नॉन-AC क्लास के लिए सुबह 11:00 बजे से 11:30 बजे तक रहेगा।
1 जुलाई, 2025 से तत्काल टिकट IRCTC की वेबसाइट या ऐप पर तभी मिलेंगे, जबकि यूजर का अकाउंट आधार से वेरिफाई हो चुका होगा। 15 जुलाई, 2025 से टिकट बुक करते समय आधार OTP भी डालना होगा।
रेलवे मंत्रालय ने सेंटर फॉर रेलवे इन्फॉर्मेशन सिस्टम्स (CRIS) और IRCTC को जरूरी बदलाव करने के लिए कहा है। उल्लेखनीय है कि CRIS रेलवे के लिए IT सिस्टम बनाती है। IRCTC इन बदलावों को सभी रेलवे डिवीजनों तक पहुंचाएगी।
