उत्तर प्रदेश के कानपुर कोर्ट के चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट (CJM) ने गोविंद नगर पुलिस को एक महिला के ख़िलाफ़ FIR दर्ज करने का आदेश दिया है। 40 वर्षीय आरोपी महिला एक 14 साल के लड़के को लेकर फिर भाग गई है। लड़के के परिजनों ने पहले पुलिस को एप्रोच किया था लेकिन पुलिस ने FIR दर्ज करने से मना कर दिया था।
महिला के 3 बच्चे हैं। जबकि लड़का 11वीं का छात्र है। महिला और लड़का 31 मार्च से घर से लापता हैं।
गोविंद नगर निवासी एक प्राइवेट कर्मचारी के यहां एक महिला अपने पति और 3 बच्चों के साथ किराए पर रहती थी। पिता का आरोप है कि 31 मार्च को दोपहर 2 बजे महिला बेटे को बहला फुसलाकर ले गई। आशंका है कि महिला उनके बेटे से अनैतिक कार्य करा सकती है।
पिता ने बताया- मैं बेटे को उससे बात करने से मना करता था। उसने बात करना बंद भी कर दिया था। लेकिन फिर उसकी बातों में आ गया। महिला का उसके पति से अक्सर झगड़ा होता था। क्योंकि वो ठीक नहीं थी। मकान मालिक ने महिला से कई बार घर खाली करने को कहा था, लेकिन उसने नहीं किया।
इंस्पेक्टर गोविंद नगर प्रदीप कुमार सिंह ने बताया- 31 मार्च से एक हफ्ते पहले भी लड़का महिला के साथ भागा था। दोनों भागकर दिल्ली गए थे। तब भी मामला पुलिस के पास गया था। वहां से लड़का इटावा अपने मामा के यहां चला गया था। पुलिस ने जब दोनों से फोन पर बातचीत की तो दोनों थाने पर आए थे।
तब लड़के ने बताया था कि माता-पिता उसके साथ मारपीट करते हैं। इस कारण वो महिला के साथ गया था। थाने में पंचायत होने के बाद लड़का फिर से अपने मामा के यहां इटावा चला गया था। एक हफ्ते बाद महिला वहां पहुंची। वहीं से उसे लेकर फिर फरार हो गई।
दोनों के बीच संबंध है या नहीं इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। मगर, दोनों की लोकेशन दिल्ली की ही मिली है। रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द लड़के को बरामद कर लिया जाएगा।
