पति ने पत्नी के साबुन से नहा लिया, पत्नी ने पुलिस में कर दी कंप्लेंट, पुलिस ने पति को पीटा भी और कर दिया चालान

 

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ महानगर के क्वार्सी इलाके के रावणटीला मोहल्ले में एक पति ने नहाते समय पत्नी का साबुन यूज कर लिया। इस बात पर पत्नी ने बवाल कर दिया बवाल। बवाल इतना की पुलिस में शिकायत कर दी। फिर पुलिस ने पति पर हाथ साफ कर लिया और शांति भंग के आरोप में चालान भी कर दिया।

घटनाक्रम के अनुसार रावणटीला के प्रवीण कुमार की मोहल्ले की ही रूबी से शादी हुई है। प्रवीण कुमार फैक्टरी में नौकरी करता है। वह हर रोज सुबह को नौ बजे ड्यूटी पर जाने के लिए घर से निकल जाता है। प्रवीण ने पुलिस को जो बताया उसके मुताबिक, 13 जून 2025 को वह नहाने के लिए बाथरूम में गया था। जब नहाकर लौटा तो पत्नी ने पूछा कि कौन सी साबुन से नहाए हो। इस पर प्रवीण ने कह दिया कि बाथरूम में जो साबुन रखी है उसी का इस्तेमाल किया है। वह साबुन उसकी पत्नी की थी। इस पर सारा घर सर पर उठा लेने के बाद पत्नी ने पुलिस स्टेशन में शिकायत कर दी।

पुलिस प्रवीण को ज्वालापुरी पुलिस चौकी ले गयी। पुलिस चौकी में भी पत्नी प्रवीण से झगड़ा करती रही। प्रवीण का कहना था कि उसकी पत्नी जरा जरा सी बात पर उससे झगड़ा करती है। वह विवाद करने का बहाना ढूंढती है। पुलिस ने प्रवीण कुमार का ही शांतिभंग में चालान कर दिया।

प्रवीण कुमार की मां का आरोप है कि पुलिस ने उसके बेटे की बहुत पिटाई की। झगड़ा उसकी बहू करती है। शांति भंग उसकी बहू करती है परन्तु पुलिस ने चालान उसके बेटे का कर दिया। इधर पुलिस थाने के सीओ (तृतीय) सर्वम सिंह का कहना है कि प्रवीण कुमार पत्नी की पिटाई करता रहता है। पत्नी ने मारपीट का वीडियो भी दिखाया था। इस पर पति का शांतिभंग में चालान किया गया।

प्रवीण कुमार ने पुलिसकर्मियों के खिलाफ डीएम से शिकायत की है। मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Comment