बार बार बिजली कटने से गुस्साए युवकों ने पावर सब स्टेशन में लगा दी आग, AE को भी जलाने की कोशिश

 

बार-बार खंडित हो रही विद्युत आपूर्ति से नाराज दो युवकों ने पावर-सब-स्टेशन में पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी। युवकों ने असिस्टेंट इंजीनियर को भी पेट्रोल छिड़ककर जलाने की कोशिश की। पुलिस ने दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना महाराष्ट्र के अमरावती जिले वलगांव गांव की है। शनिवार को तेज हवा और बारिश की वजह से रेवसा इलाके में बार बार बिजली खंडित हो रही है। इससे लोग परेशान हो गए हैं। दो युवकों का तो माथा फिर गया। वे इलाके के वलगांव सबस्टेशन (महावितरण कार्यालय) पहुँच गए। वे साथ में पेट्रोल लेकर भी गए थे। उन्होंने कार्यालय में खासकर असिस्टेंट इंजीनियर (AE) गोपाल विनायक इंगले के टेबल और दस्तावेजों पर पर पेट्रोल छिड़क दिया और आग लगा दी। इतना ही नहीं युवकों ने विनायक इंगले पर भी पेट्रोल छिड़क दिया और आग लगाने की कोशिश की। परन्तु महावितरण कार्यालय के कर्मचारियों ने दोनों युवकों को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

युवकों के नाम अविनाश गोवर्द्धन निर्मल और विनीत दिलीपराव तायड़े मालूम पड़े हैं। दोनों शराब के नशे में थे। गोपाल इंगले ने वलगांव पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्त्तार कर लिया है।

महावितरण कर्मचारियों का कहना है कि दोनों युवकों का महीनों से घर का बिजली बिल बकाया है। ये भरते ही नहीं हैं। दो बार टेबल पर बैठकर बिल की राशि पर सेटलमेंट भी किया फिर भी दोनों ने बिल नहीं भरा इसीलिए हमने इनके घर की बिजली काट दी थी।

Leave a Comment