मुंबई पुलिस की EOW आज IPS रश्मि करंदिकर के पति पुरुषोत्तम चव्हाण को अपनी हिरासत में लेगी

IPS रश्मि करंदिकर और पति पुरुषोत्तम चव्हाण

मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने मंगलवार को PMLA कोर्ट में याचिका दायर कर IPS रश्मि करंदिकर के पति पुरुषोत्तम चव्हाण की हिरासत मांगी। कोर्ट ने परमीशन दे दी है। आज यानी बुधवार को EOW पुरुषोत्तम चव्हाण को अपनी हिरासत में ले लेगी। पुरुषोत्तम चव्हाण एक दूसरे घोटाले में अभी प्रवर्तन निदेशालय (ED) की हिरासत में हैं। पुरुषोत्तम चव्हाण पर सूरत के एक व्यवसायी और अन्य लोगों के साथ 7.42 करोड़ रुपये की ठगी करने का आरोप है।

EOW ने इसी साल फरवरी में पुरुषोत्तम चव्हाण और 11 अन्य के खिलाफ दो FIR दर्ज की थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि उन्होंने मुंबई, ठाणे और पुणे में रियायती दरों पर सरकारी कोटे के फ्लैट उपलब्ध कराने के नाम पर 20 पीड़ितों से 24.78 करोड़ रुपए ठगे थे। पुरुषोत्तम चव्हाण ने कथित तौर पर भिवंडी, पुणे, पनवेल, शिवड़ी और यहां तक ​​कि बॉम्बे पोर्ट ट्रस्ट (BPT) के प्लॉटों में फ्लैट और सरकारी प्लॉट देने का वादा करके अपने प्रभाव का दुरुपयोग किया। साथ ही, पुरुषोत्तम चव्हाण ने नासिक में महाराष्ट्र पुलिस अकादमी को टी-शर्ट की आपूर्ति के लिए अनुबंध हासिल करने में व्यवसायी की सहायता करने का वादा किया, लेकिन उन्होंने कभी भी अपने वादों को पूरा नहीं किया।

पुरुषोतत्म चव्हाण के खिलाफ EOW की ओर से दर्ज किया गया यह दूसरा मामला है। इन मामलों के अलावा प्रवर्तन निदेशालय (ED) पुरुषोत्तम चव्हाण के खिलाफ 263 करोड़ रुपए के आयकर रिफंड धोखाधड़ी की अलग से जांच कर रहा है। पुरुषोत्तम चव्हाण ने इस घोटाले में से 2.5 करोड़ रुपये की राशि IPS रश्मि करंदिकर के बैंक खाते में ट्रांसफर किया। यह राशि शेयर ट्रेडिंग में निवेश की गयी। इस बाबत EOW रश्मि करंदिकर से भी पूछताछ करेगी। EOW ने महाराष्ट्र के पुलिस महानिदेशक (DGP) को पत्र लिखकर स्पष्टीकरण मांगा है कि क्या IPS रश्मि करंदिकर ने अपनी संपत्ति के खुलासे में यह घोषणा की थी कि यह पैसा 2017 और 2018 के बीच 90 दिनों के भीतर उनके अकाउंट में आया है। हालांकि इस माामले में EOW ने IPS रश्मि करंदिकर को आरोपी नहीं बनाया है।

IPS रश्मि करंदिकर ने कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए मानसिक उत्पीड़न, वित्तीय लेनदेन छिपाने का हवाला देते हुए बांद्रा फैमिली कोर्ट में पति पुरुषोत्तम चव्हाण से तलाक के लिए अर्जी दे दी है। आश्चर्यजनक रूप से IPS रश्मि करंदिकर ने पुलिस मुख्यालय को औपचारिक रूप से सूचित किए बिना कुलाबा पुलिस स्टेशन के ऊपर स्थित अपना सरकारी आवास भी खाली कर दिया है।

Leave a Comment