पायलट बेटे की मौत का सदमा बर्दाश्त नहीं कर पाईं मां, केदारधाम हेलीकॉप्टर क्रैश के 13 दिन बाद मौत

 

उत्तराखंड केदारनाथ धाम में गत 15 जून को हेलीकॉप्टर क्रैश में जान गंवाने वाले जयपुर के पायलट राजवीर सिंह चौहान की मां अपने बेटे की मौत का सदमा बर्दाश्त नहीं कर पाईं। हेलीकॉप्टर क्रैश में राजवीर की मौत के 13 दिन बाद अब उनकी मां का जयपुर में निधन हो गया है।

बताया गया कि राजवीर की मौत के बाद राजवीर सिंह की मां की तबियत लगातार खराब चल रही थी। जयपुर के कांवटिया अस्पताल में उन्हें इलाज के लिए भर्ती कराया गया था, जहां पर राजवीर की मां ने शनिवार को अंतिम सांस ली। राजवीर सिंह चौहान की याद में आयोजित किए जा रहे सभी श्रद्धांजलि कार्यक्रम और सामूहिक आयोजन फिलहाल निरस्त कर दिए गए हैं।

ज्ञात हो कि उत्तराखंड के केदारनाथ धाम के पास स्थित गौरीकुंड क्षेत्र में 15 जून को हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया था। हेलीकॉप्टर क्रैश में जयपुर के पायलट राजवीर सिंह चौहान समेत 7 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। पायलट राजवीर सिंह शास्त्री नगर क्षेत्र के निवासी थे और सेना से लेफ्टिनेंट कर्नल के पद से रिटायर हुए थे। सेना में करीब 14 वर्षों तक सेवाएं देने के बाद वे पायलट के रूप में नागरिक उड्डयन क्षेत्र से जुड़े थे।

राजवीर सिंह के पास 2 हजार घंटे से ज्यादा उड़ान का अनुभव था। वह इंडियन एयरफोर्स में कैप्टन भी रह चुके हैं। अक्टूबर 2024 में सिंह ने हेलिकॉप्टर एविएशन कम्पनी ज्वाइन की थी और हेलीकॉप्टर उड़ा रहे थे। पायलट राजवीर की पत्नी दीपिका भी सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल हैं। 2011 में दोनों की शादी हुई। 14 साल बाद 4 माह पहले जुड़वां पैदा हुए थे।

Leave a Comment