मुंबई में कबूतरखाने होंगे बंद, सरकार कबूतरों को दाना डालने पर लगाएगी रोक

 

मुंबई के पक्षी प्रेमियों के लिए एक बुरी खबर है। मुंबई में कबूतरों को दाना डालने पर रोक लगेगी। महाराष्ट्र सरकार बृहन्मुम्बई महानगरपालिका (BMC) को इस बाबत निर्देश जारी करने वाली है। सरकार की मंशा कबूतरों के संपर्क में रहनेवाले लोगों को होने वाली बीमारियों से बचाने की है।

कबूतरों के कारण आसपास रहने वाले निवासियों के लिए गंभीर स्वास्थ्य चिंताओं का हवाला देते हुए महाराष्ट्र सरकार BMC को मुंबई में कबूतरों को दाना डालने की सभी गतिविधियों को रोकने का निर्देश देगी। महाराष्ट्र के उद्योग मंत्री उदय सामंत ने गुरुवार को राज्य विधान परिषद के सदस्यों को बताया कि मुंबई में 51 जगहों पर कबूतरों को दाना डाला जा रहा है। इनमें मुंबई के मरीन ड्राइव, दादर, अंधेरी, वर्ली और बोरीवली प्रमुख हैं। दरअसल कबूतर जहां-तहां बीट (ड्रॉपिंग) करते हैं। बीट में बैक्टीरिया होता है। यह हवा के माध्यम से मनुष्यों के फेफड़ों तक पहुंच जाता है। इससे संक्रमण हो जाता है।

इस मुद्दे पर शिवसेना (एकनाथ शिंदे खेमे) विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) मनीषा कायंडे ने सवाल किया था। मनीषा कायंडे ने कई रिपोर्टों का हवाला दिया, जिससे पता चलता है कि कबूतरों की बीट और पंखों के संपर्क में आने से अस्थमा और फेफड़ों में संक्रमण जैसी श्वसन संबंधी बीमारियां होती हैं। विधान परिषद सदस्य चित्रा वाघ ने भी कहा कि कबूतरों को दाना खिलाना नागरिकों के लिए बड़ी समस्या है। इसे रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाने की जरूरत है।

उदय सामंत ने कहा -हम तुरंत BMC से उन सभी स्थानों को बंद करने के लिए कहेंगे, जहां कबूतरों को दाना डाला जाता है। मंत्री ने यह घोषणा प्रश्नकाल में एक प्रश्न का उत्तर देते हुए की। मंत्री ने यह भी कहा कि सरकार कबूतरों को दाना खिलाने से जुड़े खतरों के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए जागरूकता अभियान शुरू करेगी।

वैसे देश के कई शहरों में यह समस्या बढ़ रही है।

Leave a Comment