उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के खुलदाबाद के बक्शी बाजार में बमबाजी कर दहशत फैलाने वाले दो लड़कों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए जीशान के पास से 9 देसी बम और अनीस के पास से 8 बम बरामद हुए हैं। इस वारदात में शामिल मिसाब उद्दीन उर्फ RDX की तलाश में पुलिस की टीम लगी है।
आधी रात को बमबाजी करने वालों की तलाश में DCP अभिषेक भारती ने खुलदाबाद पुलिस के साथ ही SOG की टीमों को लगाया था। इन टीमों से एडिशनल DCP अभिजीत कुमार बराबर अपडेट ले रहे थे। देर रात सटीक सूचना पर दोनों युवक पकड़े गए।
बक्शी बाजार में लतर वाली मस्जिद के पास आधी रात को कई युवक पहुंचे थे जिसमें मिसाब उद्दीन उर्फ RDX भी शामिल था। यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई थी। पुलिस ने इसी सीसीटीवी फुटेज के आधार पर इन दोनों आरोपियों को पकड़ने में सफलता पाई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की तो पता चला कि ये लोग पहले परेड के पास थे। फिर कीट गंज के रास्ते से नख़ास कोहना पहुंचे और गली मे जाकर बम फेंका।
पुलिस की जांच मे ये भी सामने आया कि उस इलाके में रहने वाले एक हिस्ट्रीशीटर से इनकी दुश्मनी चल रही थी और उसी को धमकाने के लिए ये वारदात की गई थी। इस मामले में पुलिस ने 50 से 60 लोगों से लंबी पूछताछ की थी। अब पुलिस को RDX की तलाश हैं। एडिशनल DCP अभिजीत कुमार ने बताया कि जल्द ही और लोगों की भी गिरफ्तारी होगी।
