नवी मुंबई में गूगल मैप की वजह से आधी रात खाड़ी में गिरी महिला

 

नवी मुंबई के बेलापुर इलाके में शुक्रवार आधी रात एक महिला की कार सीधे खाड़ी में जा गिरी। हालाँकि महिला की जान बच गयी। ये कोई पहला मामला नहीं है, जब गूगल मैप के चलते दुर्घटना हुई है।

यह घटना शुक्रवार रात करीब एक बजे हुई, जब महिला अपनी कार से उलवे की ओर जा रही थी। बेलापुर के खाड़ी पुल से जाने की बजाय उसने पुल के नीचे का रास्ता पकड़ लिया, क्योंकि गूगल मैप पर महिला को ब्रिज के ऊपर का रास्ता नहीं दिखा बल्कि नीचे से जाने का मार्ग दिखाई दिया। जिसके बाद महिला नीचे गई और सीधे खाड़ी में जा गिरी। वहां मौजूद सागरी सुरक्षा बल के लोगों ने इस घटना को देख लिया। जब सुरक्षाबल के लोग नजदीक पहुंचे तो देखा कि महिला उसमें तैर रही है। तुरंत सुरक्षा रक्षकों ने उसे बाहर निकाला और बाद में क्रेन की मदद से कार को भी बाहर निकाला गया। इसके बाद महिला को सुरक्षित घर पहुंचाया गया।

उत्तर प्रदेश के के मुरादाबाद जिले में 4 अप्रैल 2025 को गूगल मैप की मदद से रास्ता तलाशने की कोशिश में कार सवार चार लोग हादसे का शिकार हो गए। इस घटना में दो युवतियों की मौत हो गई जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मुरादाबाद के थाना मूढापांडे क्षेत्र में कार से लोग नैनीताल से घूमकर वापस आ रहे थे। पुलिस के अनुसार, जब ये कार हादसे का शिकार हुई तो उसके बाद कार अंदर से लॉक हो गई और जो लोग अंदर मौजूद थे वो अंदर ही फंसे रह गए। इस कार को सामने से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी थी।

उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले में गूगल मैप ने एक कार को अधूरी फ्लाईओवर के ऊपर पहुंचा दिया, जिसके कारण यह कार फ्लाईओवर से नीचे लटक गई। घटना 9 जून 2025 की है। फरेंदा थाना इलाके में कथित तौर पर गूगल मैप के बताए रास्ते पर आगे बढ़ने से ये हादसा हुआ। कार फ्लाईओवर के ऊपर जाने के बाद नीचे लटक गई। हालांकि इस हादसे में कार में सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए हैं।

उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में दिसंबर 2024 में गूगल मैप के गलत रास्ते दिखाने से एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। मथुरा-बरेली निर्माणाधीन हाईवे पर हुई इस घटना में, मैप ने गाड़ी को खराब सड़क पर मोड़ दिया। कार मिट्टी के अवरोध से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि कार सवार सभी लोग सुरक्षित हैं। ड्राइवर ने बरेली से मथुरा जाते समय गूगल मैप का इस्तेमाल किया था। यह हादसा इसलिए हुआ क्योंकि निर्माणाधीन हाईवे पर कोई डायवर्जन चिन्ह या रोड ब्लॉकिंग की जानकारी नहीं थी।

6 Thoughts to “नवी मुंबई में गूगल मैप की वजह से आधी रात खाड़ी में गिरी महिला”

Leave a Comment