‘माँ ने बुलाया है-’ कहकर 16 साल के बेटे ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली

शिवशरण भुताली तलकोटी

महाराष्ट्र के सोलापुर में 16 साल के एक लड़के ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पूर्व लिखे पत्र में उसने लिखा है कि- कल मेरी मां मेरे सपने में आईं। मेरी मां ने मुझसे पूछा कि मैं इतना उदास क्यों हूं और मुझे अपने पास आने को कहा। इसलिए मैंने मरने के बारे में सोचा।

यह घटना बुधवार दोपहर करीब 2 बजे सोलापुर के म्हाडा कॉलोनी में हुई। मृतक छात्र का नाम शिवशरण भुताली तलकोटी है, जो मूल रूप से पुणे के केशवनगर का निवासी था और अपनी मां के निधन के बाद से मामा के घर रह रहा था।

शिवशरण भुटाली तालकोटी (16) नीट (NEET) की तैयारी कर रहा था। शिवशरण ने दसवीं कक्षा में 92 फीसदी अंक प्राप्त किए थे। शिवशरण डॉक्टर बनना चाहता था। उसके मां का भी सपना था कि बेटा डॉक्टर बने। लेकिन तीन महीने पहले उसकी मां की पीलिया से मौत हो गयी। मां की मौत से शिवशरण गहरे सदमे में था।

शिवशरण ने सुसाइड नोट में लिखा है कि उसे अपनी मां के बारे में एक सपना आया था। उसने लिखा- मैं शिवशरण हूं। मैं मर रहा हूं क्योंकि मैं जीना नहीं चाहता। मुझे तभी चले जाना चाहिए था जब मेरी मां चली गईं, लेकिन मैं अपने चाचा और दादी का चेहरा देखते हुए जिंदा था। कल मेरी मां मेरे सपने में आईं। मेरी मां ने मुझसे पूछा कि मैं इतना उदास क्यों हूं और मुझे अपने पास आने को कहा। इसलिए मैंने मरने के बारे में सोचा।’

शिवशरण ने आगे लिखा है कि- मैं अपने चाचा और दादी का बहुत आभारी हूं, क्योंकि उन्होंने मेरी बहुत अच्छी देखभाल की। चाचा मैं मर रहा हूं। मेरे जाने के बाद मेरी बहन को खुश रखना। दादी को पापा के पास मत भेजना। सब लोग अपना ख्याल रखना। आपने मुझे मेरे माता-पिता से भी ज्यादा प्यार दिया है। फिलहाल इस मामले में सोलापुर शहर पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया है।

8 Thoughts to “‘माँ ने बुलाया है-’ कहकर 16 साल के बेटे ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली”

Leave a Comment