जौनपुर में व्यक्ति ने बीवी और दो बच्चों को 2.20 लाख रुपये में बेचा

 

उत्तर प्रदेश के जौनपुर में एक व्यक्ति ने अपनी बीवी और दो बच्चों को दो लाख बीस हजार रुपये में बेच दिया। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने पति और खरीदने वाले व्यक्ति के खिलाफ FIR दर्ज की है।

पुलिस ने बताया मामला जौनपुर जिले के महाराजगंज थाना क्षेत्र के मजीठी गांव का है। सिंगरामऊ थाना क्षेत्र खानपुर गांव निवासी राजेश की शादी 15 साल पहले शोभा से हुई थी। उन्हें दो बेटे और दो बेटियां हैं। शोभा का आरोप है कि डेढ़ वर्ष पूर्व राजेश राशन कार्ड बनवाने की बात कहकर उसे अपने घर से बदलापुर तहसील ले गया। उसके साथ उसका छोटा बेटा सर्वेश और बेटी अंशिका भी थी। राजेश ने बदलापुर पहुंचते ही उन्हें अशोक मुंशी हरिजन नामक व्यक्ति को बेच दिया। तीनों का दो लाख बीस हजार रुपए में सौदा किया।

राजेश ने शोभा को बताया कि अशोक मुंशी हरिजन उसका मामा है। कुछ दिन के लिए उसे उनकी सेवा करने के लिए उनके घर जाना है। शोभा को इस बात पर शक हुआ तो उसने मुंशी हरिजन के साथ जाने से मना कर दिया। इस पर मुंशी हरिजन ने उसे कट्टे से धमकाया और साथ ले गया। इधर राजेश ने घर वालों को बताया कि शोभा अपने प्रेमी के साथ भाग गयी। राजेश को नशे की लत थी।

4 फरवरी 2025 को मौका पाकर शोभा बच्चों के साथ वहां से भाग निकली। वह अपने मायके चली गयी। मायके वालों ने जब उसकी कहानी सुनी तो वे उसे महाराजगंज पुलिस थाने ले गए। परन्तु पुलिस ने कोई भी कार्रवाई से इन्कार कर दिया। फिर शोभा ने वकील के जरिये कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के आदेश पर महाराजगंज पुलिस ने राजेश, अशोक मुंशी हरिजन सहित चार लोगों खिलाफ FIR दर्ज किया है। महाराजगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार पाण्डेय ने को अभी भी शोभा की कहानी पर यकीन नहीं हो रहा है।