अभिनेता गोविंदा और पत्नी सुनीता के तलाक की अर्जी पर सुनवाई शुरू, 62 साल के गोविंदा, 57 साल की सुनीता और 38 साल की शादी संकट में

 

फिल्म अभिनेता गोविंदा (62) और उनकी पत्नी सुनीता आहुजा (57) की 38 साल पुरानी शादी संकट में दिख रही है। सुनीता आहुजा ने एक साल पहले दिसम्बर महीने में बांद्रा फैमिली कोर्ट में तलाक की अर्जी दी थी जिस पर बीते गुरुवार को सुनवाई हुई। इस पहली डेट पर सुनीता आहुजा खुद मौजूद थीं परन्तु गोविंदा नदारद थे। उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये सुनवाई की। कोर्ट ने उन्हें अगली सुनवाई के दौरान व्यक्तिगत रूप से हाज़िर रहने के लिए कहा है। मामले की अगली सुनवाई तीन महीने बाद नवंबर महीने में होगी।

सुनीता आहुजा ने अवैध संबंध, क्रूरता और पत्नी को छोड़ने को आधार बनाकर तलाक़ की अर्जी फ़ैमिली कोर्ट में दाख़िल की है। सुनीता आहूजा ने हिंदू मैरिज एक्ट 1955 की धारा 13 (1) (i), (ia), (ib) के तहत मामला दायर किया है।

गोविंदा और सुनीता की शादी 11 मार्च, 1987 में हुई थी। गोविंदा के बारे में कहा जाता है कि स्टार बनने से पहले से सुनीता उन्हें अच्छी तरह से जानती थीं। गोविंदा संघर्ष के दिनों में मुंबई से सटे विरार में अपने मामा आनंद सिंह के साथ रहा करते थे। सुनीता की बड़ी बहन‌ की शादी आनंद सिंह से हुई थी। इसी वजह से सुनीता का वहां आना-जाना लगा रहता था। उन्हीं के घर पर गोविंदा और सुनीता की मुलाक़ात हुई थी। 62 साल के गोविंदा और 57 साल की सुनीता आहुजा की एक बेटी (36 साल) और एक बेटा (28 साल) भी हैं। बेटी का नाम नर्मदा है जिन्हें फ़िल्म इंडस्ट्री में टीना आहुजा के नाम से जाना जाता है। टीना ने साल 2015 में फ़िल्मों में क़दम रखा था। वो कुछ हिंदी और पंजाबी फ़िल्मों में काम‌ कर चुकी हैं। मगर लंबे समय तक संघर्ष करने के बावजूद उन्हें एक्टिंग की दुनिया में सफलता नहीं मिली। गोविंदा के बेटे का नाम यशोवर्धन आहुजा है जो बतौर एक्टर डेब्यू करने की तैयारियों में जुटे हुए हैं। गुरुवार को फ़ैमिली कोर्ट में यशोवर्धन को अपनी मां सुनीता आहुजा के साथ देखा गया था।

Leave a Comment