जर्मन अखबार का बड़ा दावा- डोनाल्ड ट्रंप ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चार बार लगाया फोन, परन्तु नरेंद्र मोदी ने नहीं की बात

 

जर्मनी के एक अखबार ने दावा किया है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने टैरिफ विवाद के बीच भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चार बार कॉल किया, लेकिन नरेंद्र मोदी ने उनसे बात करने से मना कर दिया। जर्मन न्यूज पेपर फ्रैंकफर्टर अल्गेमाइन (FAZ) ने दावा किया है कि भारत को डेड इकोनॉमी कहने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से नाराज हैं।

विएना की रहने वालीं जियोपॉलिटिकल रणनीतिकार वेलिना चाकरोवा ने जर्मन अखबार के दावे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भारत ने ऐसा कर बहुत साफ संदेश देने की कोशिश की है। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, ‘जर्मन एफएजेड कहता है कि ट्रंप ने मोदी से चार बार संपर्क की कोशिश की और सभी कॉल अस्वीकार कर दी गईं।

डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ की वजह से 25 सालों से चले आ रहे भारत-अमेरिका संबंधों में खटास आ गई। अमेरिका ने भारत पर 50 फीसदी टैरिफ लगाया है, जो ब्राजील के अलावा किसी दूसरे देश के लिए सबसे अधिक है। अमेरिका ने रूस से कच्चा तेल खरीदने को लेकर भारत पर जुर्माना भी लगाया है। FAZ का दावा है कि ट्रंप ने हाल के हफ्तों में चार बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फोन किया, लेकिन उन्होंने बात करने से इन्कार कर दिया।

बर्लिन स्थित ग्लोबल पब्लिक पॉलिसी इंस्टिट्यूट के सह-संस्थापक और निदेशक थॉर्स्टन बेनर ने एक्स (X) पर जर्मन अखबार की रिपोर्ट शेयर करते हुए लिखा, “FAZ का दावा है कि डोनाल्ड ट्रंप ने हाल के हफ़्तों में नरेंद्र मोदी को चार बार फोन किया, लेकिन नरेंद्र मोदी ने कॉल रिसीव करने से इन्कार कर दिया।”

अमेरिका राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 31 जुलाई को कहा, “मुझे इसकी परवाह नहीं है कि भारत रूस के साथ क्या करता है। वे दोनों मिलकर अपनी मृत अर्थव्यवस्थाओं को नीचे गिरा सकते हैं। हमने भारत के साथ बहुत कम व्यापार किया है, उनके टैरिफ बहुत ऊंचे हैं, जो कि दुनिया में सबसे ज्यादा टैरिफ वाले देशों में से एक हैं।” जर्मनी के अखबार ने दावा किया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ट्रंप की इसी टिप्पणी से नाराज हैं।

जर्मन न्यूज पेपर में दावा किया गया है कि डोनाल्ड ट्रंप ने इसके बाद कई बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मनाने की कोशिश की। इसमें कहा गया कि भारत मौजूदा समय में बहुत ही सावधानीपूर्वक कदम उठा रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिकी कृषि व्यवसाय के लिए भारत के बाजार खोलने के डोनाल्ड ट्रंप के दबाव का भी विरोध कर रहे हैं।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर 50 फीसदी टैरिफ लगाने को लेकर नोटिस जारी कर दिया है। इसमें बताया गया है कि नया टैरिफ सिस्टम 27 अगस्त 2025 की रात 12.01 बजे से लागू हो जाएगा।

Leave a Comment