चोरों ने पुलिस से कहा- उन्होंने अपनी मर्जी से नहीं खाटूश्याम जी की मर्जी से चोरी की !

 

राजस्थान की राजधानी जयपुर में चोरी के आरोप में गिरफ्तार दो चोरों ने सारा दोष भगवान खाटूश्याम जी पर मढ़ दिया। उन्होंने पुलिस को बताया कि चोरी उनकी नहीं, बल्कि भगवान की इच्छा थी। उनका दावा है कि चोरी के 22 लाख रुपये में से 11 हजार रुपये उन्होंने खाटूश्याम जी को चढ़ा दिए, क्योंकि उनका हिस्सा तो बनता था, आखिर उन्होंने ही तो रास्ता दिखाया था।

करधनी थाना पुलिस स्टेशन की हद में रावण गेट के पास एक घर में 15 दिन पहले इन आरोपियों ने 22 लाख रुपये की चोरी की थी। CCTV फुटेज से आरोपियों का सुराग मिला। पुलिस ने बिहार के आरा निवासी राजेश श्रीवास्तव और प्रयागराज निवासी रंजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से हथियार और नकदी भी बरामद हुई। पुलिस ने बताया दोनों हिस्ट्रीशीटर हैं।

दोनों ने चोरी करना स्वीकार किया लेकिन इसका आरोप भगवान खाटूश्याम जी पर लगा दिया। उन्होंने कहा कि चोरी की योजना भगवान खाटूश्याम जी की प्रेरणा से बनायी थी। इसके लिए चोरी के 22 लाख रुपये में से 11 हजार रुपये खाटूश्याम जी को उनका हिस्सा दे दिया था।

चोरी के बाद उन्होंने 13 दिनों में 3 लाख रुपये सिर्फ शराब, स्मैक और दोस्तों को खिलाने-पिलाने में उड़ा दिए। रोजाना 30 हजार रुपये की स्मैक फूंक दिए और 40 हजार रुपये की कोल्ड ड्रिंक पी गए। 2 लाख रुपये महंगे कपड़ों पर झोंक दिया। 2 लाख रुपये अपने दोस्तों में बांट दिए। साथ ही एसी वाले लग्जरी कमरों में टीवी देखते हुए और पांच सितारा होटलों में मौज-मस्ती की। शराब और स्मैक की लत ने 22 लाख रुपये को महज चंद दिनों में ही उड़ा दिया।

पुलिस ने इस मामले को लेकर उत्तर प्रदेश में भी छापेमारी की। और संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।

Leave a Comment