उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के थाना लोनी क्षेत्र के अशोक विहार में एक पति ने अपनी पत्नी को इंस्टाग्राम पर किसिंग सीन पर रील बनाने से मना किया तो पत्नी ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। पत्नी पहले भी पति को बलात्कार के केस में गिरफ्तार करवा चुकी है।
घटना 28 अगस्त 2025 की है। ACP लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि इस मामले में BNS- 2023 की धारा- 76 और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और पत्नी से पूछताछ की जा रही है। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वायरल वीडियो में पत्नी की हिंसक प्रतिक्रिया और पति अनीस की बेबसी साफ दिखाई दे रही है।
अनीस रंगाई-पुताई कर अपने तीन बच्चों और पत्नी इशरत का भरण-पोषण करता है। उसकी शादी 2009 में हुई थी। शुरू से ही उसकी पत्नी को बाहर आने-जाने और गैर-मर्दों से बेतकल्लुफी से मिलने की आदत थी। अनीस को उम्मीद थी कि बच्चों के जन्म के बाद उसकी पत्नी की हरकतें सुधर जाएंगी, लेकिन स्थिति और बिगड़ती चली गई।
अनीस का आरोप है कि उसकी पत्नी सोशल मीडिया पर अश्लील कंटेंट पोस्ट करती है, जिसमें अन्य पुरुषों के साथ किसिंग सीन भी शामिल हैं। वह सार्वजनिक रूप से पूरे परिवार को धमकी भी देती है, जिसका एक वीडियो भी वायरल हो चुका है।
अनीस के मुताबिक जब उसने अपनी पत्नी को सोशल मीडिया पर अश्लील सामग्री पोस्ट करने से रोका, तो उसकी पत्नी ने गुस्से में आकर उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमले के समय अनीस की गोद में उसका मासूम बच्चा था।
अनीस ने बताया कि उसकी पत्नी ने पहले भी उस पर रेप का झूठा आरोप लगाया था और उसे जेल भिजवाया था। इसके बावजूद अनीस ने परिवार को एकजुट रखने की कोशिश की। अनीस का कहना है कि उसकी पत्नी के गैर-मर्दों से संबंध और सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री डालने की आदत ने परिवार की स्थिति को और खराब कर दिया है।
