लैंड डील में फंस गई शाहरुख़ खान की बेटी सुहाना खान, किसान बनकर खरीदी खेती की जमीन

 

हिंदी फिल्मों के अभिनेता शाहरुख़ खान की बेटी सुहाना खान ने अलीबाग के थल गांव में मई 2023 में 12 करोड़ रुपए की जमीन खरीदी थी। इसके लिए सुहाना खान ने स्टाम्प ड्यूटी भी दी। मगर अब कहा जा रहा है कि यह डील सही नहीं है। असल में ये जमीन सरकार ने किसानों को खेती के लिए दी थी और सुहाना खान ने बिना अनुमति इसे खरीद लिया। यही नहीं, जो दस्तावेज जमा किए गए हैं उनमें सुहाना को किसान दिखाया गया है। इस प्रॉपर्टी को ‘देजा वू प्राइवेट लिमिटेड’ के नाम पर पंजीकृत किया गया है। यह कंपनी गौरी खान के परिवार की है। इसमें वह और उनकी भाभी डायरेक्टर हैं।

सुहाना खान ने अलीबाग के थल गांव में मई 2023 में यह जमीन मुंबई के कफ परेड में रहने वाले खोटे परिवार की तीन बहनों, अंजलि, रेखा और प्रिया खरीदी। यह जमीन करीब 12.91 करोड़ रुपए में अग्रीमेन्ट टु सेल रजिस्टर के जरिये खरीदी। उन्होंने 77.46 लाख रुपए स्टांप ड्यूटी भी दी। ट्रांसफर 30 मई 2023 को स्टैंडर्ड चार्टर्ड बैंक के जरिए हुआ। अब इस मामले में अलीबाग तहसीलदार से निष्पक्ष जांच रिपोर्ट मांगी गई है। इसका आदेश रेजिडेंट डिप्टी कलेक्टर ने जारी किया है।

महाराष्ट्र कृषि भूमि अधिनियम, 1961 के अनुसार, खेती की जमीन केवल वही व्यक्ति खरीद सकता है जो खुद किसान हो या जिसके परिवार के पास पहले से कृषि भूमि मौजूद हो। गैर-किसान सीधे इस तरह की जमीन नहीं खरीद सकते। अगर कोई जमीन सरकार ने किसी किसान परिवार को विशेष तौर पर खेती के लिए दी है, तो उसे बेचने के लिए सीधी अनुमति नहीं होती। ऐसे मामलों में कलेक्टर की मंजूरी जरूरी होती है। लेन-देन पूरा करने से पहले खरीदार और विक्रेता-दोनों को तहसीलदार या कलेक्टर से NOC (नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट) लेना अनिवार्य है।

पेशे से वकील विवेक ठाकुर ने इस संबंध में आपत्ति जताई और जिला कलेक्टर से इस जमीन को सरकार को सौंपने का अनुरोध किया है। दरअसल साल 1968 में, तत्कालीन जिला कलेक्टर ने आलीबाग में थल गांव के समुद्र तट के किनारे फिल्म अभिनेत्री दुर्गा खोटे के बेटे नारायण खोटे को फलों की खेती के लिए 90 साल की लीज पर सिर्फ खेती के लिए सरकारी जमीन दी थी। नारायण खोटे की मृत्यु के बाद, ये जमीन उनकी उत्तराधिकारी अंजलि खोटे, प्रिया खोटे, रेखा खोटे को हस्तांतरित हुई।

Leave a Comment