टेलीविजन अभिनेता आशीष कपूर को दिल्ली पुलिस ने पुणे से गिरफ्तार कर लिया है। आशीष कपूर के खिलाफ गत अगस्त माह में दिल्ली में बलात्कार का केस दर्ज था। यह बलात्कार उन्होंने वाशरूम में किया था। पीड़िता एक इवेंट मैनेजर है।
सिविल लाइन्स पुलिस के मुताबिक पीड़िता और ‘सात फेरे’ फेम एक्टर आशीष कपूर की पहचान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर हुई थी। बातचीत के बाद दोनों के बीच दोस्ती बढ़ी और फिर मुलाकात का सिलसिला शुरू हुआ। अगस्त 2025 के दूसरे हफ्ते में दिल्ली के एक घर में पार्टी रखी गई। इस पार्टी में आशीष कपूर अपने दोस्तों के साथ मौजूद थे।
FIR में दर्ज बयान के अनुसार, पार्टी के दौरान पीड़िता वॉशरूम गई, जहां आशीष कपूर पहले से मौजूद थे। पीड़िता का आरोप है कि वहीं पर आशीष कपूर ने उसके साथ बलात्कार किया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि जब वह वॉशरूम से बाहर निकली, तो आशीष कपूर के दोस्त की पत्नी ने उसकी पिटाई की। दिल्ली पुलिस का कहना है कि पार्टी के बाद तनाव की स्थिति बनी, और उसी वक्त आशीष कपूर के दोस्त की पत्नी ने ही PCR कॉल करके पुलिस को बुलाया।
पीड़िता ने 11 अगस्त को दी शुरुआती शिकायत में आरोप लगाया गया था कि पार्टी के मेज़बान आशीष कपूर ने दो अन्य लोगों के साथ मिलकर उसका यौन शोषण किया और एक अन्य महिला ने पीड़िता को पीटा। बाद में 18 अगस्त को पीड़िता ने बयान बदल दिया। पीड़िता ने कहा कि केवल आशीष कपूर ने ही उनका यौन शोषण किया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि हमले का वीडियो भी बनाया गया था, लेकिन पुलिस ने कहा कि अभी तक ऐसा कोई फुटेज नहीं मिला है।
डीसीपी (उत्तर) राजा बंथिया ने आशीष कपूर की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। अभी तक पुलिस को इस मामले में कोई सीसीटीवी फुटेज नहीं मिला है। आशीष कपूर के दोस्त कपिल गुप्ता और उसकी पत्नी रितु गुप्ता को 21 अगस्त को अग्रिम जमानत मिल गई थी। वहीं, जांच टीम के मुताबिक मौके पर मौजूद गवाहों के मुताबिक, आशीष कपूर अपनी दोस्त महिला के साथ ही बाथरुम में गए थे, जब वे दोनों काफी देर तक बाहर नहीं आए तो मेहमानों ने दरवाजा खटकाया था। इसके बाद एक झगड़ा हुआ, जो आवासीय परिसर के गेट तक फैल गया, जहां शिकायतकर्ता ने दावा किया कि दोस्त की पत्नी ने उसे मारा।
FIR दर्ज होने के बाद से पुलिस आशीष कपूर को अलग-अलग लोकेशन पर ट्रैक कर रही थी। जांच टीम ने गोवा तक आशीष कपूर का पीछा किया। मंगलवार को वह पुणे में मिला।
